
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बुधवार (31 अगस्त) को दिल्ली सरकार के कैबिनेट मंत्री संदीप कुमार को पद से हटा दिया था। सीएम केजरीवाल ने एक ट्वीट में यह जानकारी देते हुए लिखा था, ”संदीप कुमार से जुड़ी एक ‘आपत्तिजनक’ सीडी मिली है। आम आदमी पार्टी सार्वजनिक जीवन में शुचिता में यकीन रखती है। इससे समझौता नहीं किया जा सकता है। उन्हें कैबिनेट से तत्काल प्रभाव से हटा दिया गया है।” दिल्ली के सुल्तानपुर माजरा से विधायक संदीप दिल्ली सरकार में महिला एवं बाल विकास मंत्री थे। मीडिया खबरों के अनुसार केजरीवाल को दी गई सीडी में कथित तौर पर संदीप दो महिलाओं के साथ आपत्तिजनक स्थिति में नजर आ रहे हैं और आपत्तिजनक तस्वीरें भी हैं।
हरियाणा के सारगथल में जन्मे संदीप आठ भाई बहनों में सबसे छोटे हैं। उनके पिता भारतीय सेना में सूबेदार थे। संदीप पेशे से वकील हैं। वो हाल ही में पिता बने हैं। उनकी पत्नी ने इसी साल जून में अमेरिका में उनके बेटे को जन्म दिया।