भोपाल। जैसी की उम्मीद थी, कांग्रेस ने सुषमा स्वराज की 'संजीवनी' पीड़ा को लपक लिया है। चौधरी राकेश सिंह के बाद अब नेता प्रतिपक्ष ने भी सुषमा स्वराज के बयान का जिक्र करते हुए शिवराज सरकार को नाकारा बताया है, हालांकि यह उनका धर्म है जो उन्होंने थोड़ी देर से निभाया।
आज सुबह से ही चर्चाओं में चल रहे सुषमा स्वराज के बयान पर दोपहर बाद नेता प्रतिपक्ष ने भी अपनी प्रतिक्रिया जारी की। भोपालसमाचार.कॉम को शाम 5 बजे मिली।
अपनी प्रतिक्रिया में नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने कहा है कि भाजपा सरकार की वरिष्ठ नेता और लोकसभा नेता प्रतिपक्ष श्रीमती सुषमा स्वराज्य ने कल एक सार्वजनिक मंच से इस प्रदेश की भाजपा सरकार और उसके मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चैहान के विकास की हकीकत बता दी।
श्री सिंह ने कहा कि सुषमा स्वराज्य को इस प्रदेश के शासन-प्रसाशन के हालात तब पता चला जब उनका ‘ड्रीम प्रोजेक्ट‘ उनकी ही सरकार ने ध्वस्त कर दिया। उन्होंने कहा कि बेलगाम नौकरशाही और कागजी विकास ने न केवल सुषमा स्वराज्य का ‘ड्रीम प्रोजेक्ट‘ को तोड़ा है बल्कि इस प्रदेश की साड़े सात करोड़ जनता का भी इस सरकार से मोहभंग किया है।
नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने कहा कि एक साल पूर्व कांग्रेस पार्टी ने जनभावनाओं को ध्यान में रखकर भाजपा सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाकर इस प्रदेश के विकास की हकीकत और जन भावनाओं से अवगत कराया था। उन्होंने कहा कि कांगे्रेस पार्टी निरंतर सरकार के जनविरोधी रवैये को उजागर करती रही है। प्रदेश में निरंतर भ्रष्टाचार बढ़ रहा है। कानून व्यवस्था की स्थिति बदतर हो गई है, और महिलाओं की सुरक्षा भगवान भरोसे है।
सिर्फ-और-सिर्फ घोषणाओं को ही विकास बताया जा रहा है। जब भाजपा के उपाध्यक्ष रधुनंदन शर्मा ने मुख्यमंत्री को घोषणावीर कहा था तो उन्हें प्रताडि़त किया गया। श्री सिंह ने कहा कि सुषमा स्वराज्य के बयान से जहां बेलगाम नौकरशाही की तस्वीर उजागर होती है वहीं स्वास्थ्य की स्थिति के साथ ही पूरा प्रदेश किस तरह बदहाल है उसका भी पता चलता है।
नेता प्रतिपक्ष श्री सिंह ने कहा कि घोषणा रूपी विकास से मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चैहान जो सपना इस प्रदेश की साड़े सात करोड़ जनता को दिखा रहे थे वह तो कब का ही टूट गया है, भाजपा नेता भी अब उसमें शामिल हो रहे हैं।