29 मार्च को गरीब महापंचायत से शुरू होगा मुख्यमंत्री का जनदर्शन अभियान

shailendra gupta
भोपाल। भाजपा के महाजनसंपर्क अभियान के बाद राज्य सरकार गरीब महापंचायत का आयोजन करेगी। इसमें प्रदेश भर से करीब एक लाख लोगों को बुलाया जाएगा। इस पंचायत में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान विधानसभा चुनाव के मद्देनजर लोक लुभावन घोषणाएं कर सकते हैं।

आला अफसर इसकी तैयारी में जुट गए हैं। सूत्रों के मुताबिक केंद्र सरकार की आम आदमी को लुभाने वाली घोषणाओं की काट के लिए गरीब महापंचायत में ऐसी घोषणा की जा सकती हैं जिनका भाजपा को चुनाव में सीधा लाभ मिले।

इस महापंचायत के बाद मुख्यमंत्री का जनदर्शन अभियान शुरू होगा।  पहले दो बार कार्यक्रम बनने के बाद अंतिम रूप नहीं ले पाया जनदर्शन का आगाज 29 मार्च को हो सकता है, जो चुनाव तक जारी रहेगा। मुख्यमंत्री का इरादा हर हफ्ते शुक्रवार और शनिवार को तीन या ज्यादा विधानसभा क्षेत्र में पहुंचने का है।

इसके पहले जनसंपर्क अभियान की तारीखें जनवरी में ही तय हो गई थीं, लेकिन उन्हें अंतिम रूप नहीं दिया जा सका। फरवरी में महाजनसंपर्क अभियान और विधानसभा सत्र के कारण चौहान का जनसंपर्क शुरू नहीं हुआ। अब फिर नए सिरे से इसकी कवायद शुरू हो रही है।

इधर संत रविदास जयंती (25 फरवरी) से शुरू हुआ भाजपा का महाजनसंपर्क अभियान 20 मार्च को पूरा हो रहा है। इसी तारीख को सभी जिला अध्यक्षों को प्रगति रिपोर्ट तैयार करने को कहा गया है। प्रदेश भाजपा कार्यालय में 23 और 24 मार्च को सभी जिलाध्यक्षों को तलब किया जा रहा है। इन दो दिनों में अभियान का रिपोर्ट कार्ड पेश किया जाएगा। इसके अलावा जिलाध्यक्षों को चुनावी रणनीति एक बार फिर समझाई जाएगी।

बैठक में प्रदेश अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर, संगठन महामंत्री अरविंद मेनन, मुख्यमंत्री चौहान मौजूद रहेंगे। इसके अलावा मंत्रियों को भी बुलाया जा सकता है।  मंत्रियों, विधायकों, सांसदों और संगठन की शिकायतों और मांग के मुताबिक बड़े प्रशासनिक फेरबदल के बाद अब संगठन से जनता की शिकायतें दूर करने को कहा जाएगा। रणनीति पर प्रभावी अमल के लिए संगठन के पास अप्रैल से जून तक का समय है। इस बीच प्रदेश भाजपा कार्यसमिति की बैठक भी संभावित है, जिसमें नए लक्ष्य तय किए जाएंगे।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!