विधानसभा में उठा मध्यप्रदेश के बच्चों में फैल रहा व्हाइटनर के नशे का कारोबार

shailendra gupta
भोपाल। इंदौर की भाजपा विधायक मालिनी लक्ष्मण सिंह गौड़ ने विधानसभा में कहा कि शहर में चौदह साल की उम्र तक के कई बच्चे व्हाइटनर सूंघने के नशे में अपराध कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस पर प्रतिबंध लगाने की बात पहले भी सदन में आ चुकी है, लेकिन इसका नशे के तौर पर इस्तेमाल हो रहा है। गृह मंत्री उमाशंकर गुप्ता ने कहा कि न तो व्हाइटनर पर प्रतिबंध है और न ही इंदौर शहर में इसकी वजह से कोई अपराध ही सामने आया है।

गौड़ ने ध्यानाकर्षण सूचना के जरिए यह मामला उठाते हुए कहा कि इंदौर के अन्नपूर्णा नगर थाने में दर्ज एक मामले में यह सामने आया है कि चोरी करने वाले बच्चे के जेब से व्हाइटनर की शीशियां मिली थीं। विधायक ने कहा कि उन्होंने खुद देखा है कि कई बच्चे स्कूल नहीं जाते और व्हाइटनर सूंघकर नशा करते हैं। विधानसभा में यह बात आई थी कि शीशी में व्हाइटनर नहीं मिलेगा। लेखन आदि में जरूरत के लिए यह पेन में उपलब्ध होगा।

कांग्रेस सदस्य तुलसीराम सिलावट ने भाजपा विधायक का समर्थन करते हुए कहा कि यह गंभीर मुद्दा है। गृह मंत्री ने कहा कि प्रतिबंध की जानकारी उनके ज्ञान में नहीं है, विधायक के पास जानकारी है तो उपलब्ध करा दें। व्हाइटनर सामान्य उपयोग की वस्तु है, इसमें स्प्रिट रहता है इसलिए नशा रहता होगा। प्रतिबंध के बजाय हमें इस पर ध्यान देना होगा कि बच्चे इसका इस्तेमाल न करें।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!