भोपाल। भाजपा संगठन चुनाव पूरे होने के बाद करीब छह महीने से अटके छह जिलों के भाजपा अध्यक्षों के घोषित हो गए हैं।
- उज्जैन शहर में इकबाल सिंह गांधी
- शाजापुर में अरुण भीमावत
- धार में रमेश धारीवाल
- दमोह में नरेंद्र व्यास
- नीमच में मंगल पटवा
- और खरगोन में रंजीत डंडीर
को जिला भाजपा अध्यक्ष बनाया गया है। ये नाम बड़े नेताओं की पसंद से तय हुए हैं। गुरुवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर और प्रदेश संगठन महामंत्री अरविंद मेनन की मुलाकात में छह जिलों के नाम फाइनल किए गए।
इससे पहले मुख्यमंत्री ने दमोह के लिए मलैया और इंदौर के लिए विजयवर्गीय से भी चर्चा की हालांकि तोमर के गृह जिले ग्वालियर की दोनों जिला इकाईयों के अलावा इंदौर शहर अध्यक्ष का नाम घोषित होना अभी बाकी है। संगठन चुनाव में एक दर्जन जिलाध्यक्षों के नाम तय नहीं हो पाए थे। इसके बाद प्रदेश अध्यक्ष और राष्ट्रीय अध्यक्ष चुनाव के चलते इन जिलों में अध्यक्षों की नियुक्ति टाल दी गई थी।
तोमर के अध्यक्ष बनने के बाद जिला अध्यक्षों की नियुक्ति की जिम्मेदारी उन पर छोड़ दी गई थी, लेकिन वे भी चार महीने में आठ अध्यक्ष ही घोषित कर पाए हैं।
सूत्रों के मुताबिक नीमच जिला अध्यक्ष मंगल पटवा पूर्व मुख्यमंत्री सुंदरलाल पटवा के भतीजे हैं। जबकि धार जिलाध्यक्ष बने धारीवाल पूर्व प्रदेश अध्यक्ष विक्रम वर्मा की पसंद हैं। धार में दिलीप पटोदिया को फिर अध्यक्ष बनाने की मुहिम चला चुकी महिला एवं बाल विकास मंत्री रंजना बघेल की नहीं चल पाई।
इसी तरह उज्जैन शहर अध्यक्ष बनाए गए गांधी पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सत्यनारायण जटिया , फिर से शाजापुर अध्यक्ष बनाए गए अरुण भीमावत राष्ट्रीय महासचिव थावरचंद गेहलोत और दमोह जिला अध्यक्ष बनाए गए व्यास जल संसाधन मंत्री जयंत मलैया की पसंद हैं। व्यास के नाम पर कृषि मंत्री रामकृष्ण कुसमरिया ने भी सहमति दे दी थी।
खरगोन अध्यक्ष बने डंडीर विधायक बालकृष्ण पाटीदार के विरोधी माने जाते हैं। उन्हें आरएसएस नेताओं ने पद दिलाया। प्रदेश भाजपा कार्यालय ने देर रात तक अधिकृत सूची जारी नहीं की।