राजगढ़। पूर्व विधायक और "आप" की नेता कल्पना परूलेकर ने कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव दिग्विजय सिंह पर निशाना साधते हुए कहा कि वह मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से मिले हुए हैं और उनकी गोद में जाकर बैठ गए हैं।
वह आए दिन आरएसएस के विरोध में टिप्पणी कर हिंदुओं का वोट भाजपा में डलवाते हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में जितने भी घोटाले हुए हैं, सभी में मुख्यमंत्री का संरक्षण है। परूलेकर बुधवार को नवीन बस स्टैंड पर आप प्रत्याशी प्रशांत त्रिपाठी के समर्थन में एक सभा को संबोधित कर रही थीं।
चिरायु अस्पताल में सीएम और अजय सिंह पार्टनर
उन्होंने कहा कि भोपाल के चिरायु अस्पताल में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह और कांग्रेस नेता अजय सिंह की साझेदारी है। इसी के चलते पर्यावरण और अन्य नियमों की धज्जियां उड़ाकर अस्पताल के निर्माण को अनुमति दे दी गई। मुख्यमंत्री कोष से पांच करोड़ की राशि ऎसे मरीजों के नाम पर जारी की गई, जो मरीज ही नहीं है। उसका कमीशन मुख्यमंत्री के घर पहुंचता है।
निर्वाचन अधिकारी पर भड़की
जिस जगह सभा चल रही थी, उसके दोनों तरफ भाजपा और कांग्रेस के कार्यालय हैं। सभा के दौरान दोनों तरफ से तेज आवाजें आ रही थी। इस पर कल्पना भड़क गई और निर्वाचन अधिकारी की गलती बताते हुए उनकी शिकायत चुनाव आयोग से करने की बात कही। उन्होंने आरोप लगाया कि स्थानीय प्रशासन सत्ता के दबाव में काम कर रहा है।
सभा बंद करो, मेरी मॉं बीमार है
नरसिंहगढ़ में नीम चौराहे पर आयोजित आप की सभा में परूलेकर के भाषण के दौरान एक युवक ने हंगामा कर दिया। उसका कहना था कि मेरी मां सामने की क्लीनिक में बीमार पड़ी है, आप साउंड बंद कर लो। कार्यकर्ताओं के विरोध पर वह आवेश में आ गया और गाली-गलौज करने लगा। युवक और आप कार्यकर्ताओ के बीच झूमा-झटकी भी हुई। कल्पना परूलेकर ने आप पार्टी पर हो रहे हमलों को भाजपा का षड़यंत्र बताते हुए कहा कि उसे आप पार्टी से डर लग रहा है, क्योंकि कांग्रेस पार्टी तो देश से खत्म होती जा रही है। इसलिए अब भाजपाईयों ने आप कार्यकर्ताओं पर हमले कराना शुरू कर दिए हैं। परूलेकर ने हंगामे को भी सुनियोजित बताया।