भोपाल। डिलेवरी के लिए अस्पताल में भर्ती महिला से आधी रात को चेकअप के बहाने एक डॉक्टर ने अश्लील छेड़छाड़ कर दी। मदद के लिए मरीज ने अगले दिन महिला हेल्पलाइन से संपर्क किया। इसके बाद डॉक्टर के खिलाफ छेड़छाड़ का अपराध दर्ज कर लिया गया है।
राज्य स्तरीय महिला हेल्प लाइन प्रभारी सुनीता कार्नेलियस ने बताया कि पिछले दिनों शहडोल के बेबलोन इलाके में प्रसूति के लिए भर्ती एक महिला ने फोन पर शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि अस्पताल में हाल ही में उसकी डिलेवरी हुई है। 13 नवंबर की रात को एक युवक जो डॉक्टर की यूनिफार्म पहने था, नशे की हालत में वार्ड में आया। उसने कहा कि चेकअप करना है।
महिला ने उसे बताया कि लेडी डॉक्टर जांच करके चली गई है, लेकिन वह नहीं माना और उसके साथ अश्लील हरकत करके चला गया। सुबह उसे पता चला कि रात में जो डॉक्टर आया था, वह इस अस्पताल में पदस्थ ही नहीं है।
इस पर उसने हेल्पलाइन से कार्रवाई के लिए मदद मांगी है। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए बेबलोन थाने को घटना की सूचना दी गई। पुलिस ने आरोपी डॉ.रत्नेश के खिलाफ उसी दिन छेड़छाड़ का अपराध दर्ज कर लिया।