भोपाल। भोपाल-इंदौर रोड पर डोडी ढाबे की सफलता के बाद पर्यटन निगम ने भीमबैठिका, ब्यावरा, तामिया, नौगांव मार्ग पर सुविधा केन्द्र के नाम से ढाबे शुरू किए।
ढाबों के प्रति यात्रियों का आकर्षण देखते हुए पर्यटन विकास निगम ने निर्णय लिया है कि प्रदेश के सभी राजमार्ग पर हर 50 किमी की दूरी पर इस तरह के सुविधा केन्द्र पीपीपी मोड पर खोले जाएंगे।
इन ढाबों के लिए पहली किस्त में 22 मार्गों को चिन्हित कर टेंडर जारी किए गए हैं। इनमें सारंगपुर, सनावद, उचेहरा, जोगी टिकरिया, जुलवानिया, बड़वानी, बेगमगंज, गैरतगंज, बाड़ी, मोटा, असीरगढ़, जावरा, छतरपुर, बड़नगर, देउरकोठार, मानपिचोली, गुना, तेंदूखेड़ा, मटकुली, मुंगवानी, नागोद एवं चुरहट शामिल हैं।
दूसरे चरण में 35 अन्य मार्गों पर ढाबे खोले जाएंगे। निगम का लक्ष्य है कि अगस्त तक पूरे प्रदेश में मार्ग सुविधा केन्द्र यानि ढाबों का जाल बिछाया जाए।