ग्वालियर। घबराहट होने पर इलाज कराने आई 36 वर्षीय महिला के साथ 65 साल के डॉक्टर ने दुष्कर्म कर दिया। घटना रविवार दोपहर 12 बजे डॉक्टर के सीपी कॉलोनी स्थित बंगले पर हुई है। घटना के बाद महिला मुरार थाने पहुंची और शिकायत की। पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर महिला का मेडिकल कराया है। साथ ही डॉक्टर को भी हिरासत में ले लिया।
गोला का मंदिर स्थित अमलताश कॉलोनी निवासी 36 वर्षीय महिला पिछले एक साल से सीपी कॉलोनी निवासी डॉ. केके शाह (65) से इलाज करा रही थी। कुछ दिन पहले आराम मिलने के बाद महिला ने आना बंद कर दिया था। रविवार सुबह महिला को अचानक घबराहट हुई तो उसने तत्काल डॉ. शाह को फोन कर बताया।
उन्होंने 11 बजे उनके सीपी कॉलोनी बंगला स्थित क्लीनिक पर आने को कहा। डॉक्टर के बताए अनुसार महिला बंगले पर पहुंच गई। करीब 12 बजे डॉक्टर भी घर आया। डॉक्टर ब्लड प्रेशर चेक करने के बहाने महिला को कमरे में ले गया और कुंडी लगाकर उसके साथ दुष्कर्म कर दिया।
घटना के बाद आरोपी ने महिला को जान से मारने की धमकी देते हुए चुप रहने को कहा। डॉक्टर की क्लीनिक से महिला सीधे मुरार थाने पहुंची और पुलिस को सारी बात बताई। पुलिस ने तत्काल मेडिकल कराने के बाद आरोपी डॉक्टर के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही डॉक्टर को हिरासत में ले लिया है। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है।