ग्वालियर। अमृतसर से बिलासपुर जा रही छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस में बदमाशों ने बुधवार रात एक दर्जन से भी ज्यादा यात्रियों का सामान पार कर दिया। बैग चोरी होने की जानकारी यात्रियों को आगरा स्टेशन के नजदीक पहुच कर ही हो सकी। यात्रियों के अनुसार वेंडरों के रूप में आए अज्ञात बदमाशों ने कोच में स्प्रे छिड़का, इसके बाद सभी गहरी नींद में सो गए।
दतिया के गुरुशरण सिंह परिवार के साथ अमृतसर से बिलासपुर जा रहे थे। वे थर्ड एसी में ए-1 कोच में सवार थे। सिंह के अनुसार दिल्ली निकलने के बाद बदमाशों ने कोच में कुछ स्प्रे किया, जिससे सभी गहरी नींद में सो गए। इसके बाद बदमाश उनके तीन बैग ले गए, जिनमें शादी के कपड़े सहित नकदी भी थी।
इसी ट्रेन में लासपुर निवासी प्रशांत तिवारी कॉलेज के टूर पर 60 लोगों के ग्रुप के साथ अमृतसर गए थे। उनका ग्रुप एस-12 में सवार था। दिल्ली निकलने के बाद ग्रुप के कुछ सदस्यों की नींद खुली तो उनके बैग गायब थे।
ग्वालियर से गुना जा रही गेंडेवाली सड़क निवासी खातून का बैग बीना पैसेंजर से चोरी हो गया। बैग में 4 सोने की अंगूठी, झुमके सहित एक लाख रुपए का सामान था।
एस-12 में सवार ज्योति शांडिल्य का मोबाइल फोन चोरी हो गया। पहले यात्रियों ने अपना सामान अन्य कोचों में ढूंढा लेकिन जब सामान नहीं मिला तो शिकायत टीटीई से की। टीटीई ने इसकी जानकारी झांसी कंट्रोल रूम को दी। लेकिन ग्वालियर जीआरपी को इसकी जानकारी नहीं दी गई। झांसी पहुंचने पर यात्रियों ने मामला दर्ज कराया।