भोपाल। यूं तो भारत की लोकसभा में मध्यप्रदेश से 29 सांसद जाते हैं लेकिन उनमें से ज्यादातर ऐसे हैं जो फिसड्डी साबित हो रहे हैं। वो ना तो मध्यप्रदेश की आवाज बुलंद कर रहे हैं और ना ही देश की चिंता। बस टाइमपास करते नजर आ रहे हैं।
सोलहवीं लोकसभा में कांग्रेस के ज्योतिरादित्य सिंधिया ने सर्वाधिक सवाल पूछकर भाजपा सांसदों को चित कर दिया है। उधर विभिन्न बहसों में वरिष्ठ कांग्रेस सांसद कमलनाथ ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया है। यद्यपि भाजपा सांसद प्रहलाद पटेल, गणेश सिंह, वीरेंद्र कुमार, राकेश सिंह ने सदन में अपनी मौजूदगी सवालों और बहसों आदि के जरिए बखूबी दर्ज कराई है, लेकिन भाजपा के नागेंद्र सिंह समेत कई और वरिष्ठ सदस्य 'मौनी बाबा' सिध्द हो रहे हैं।
हाल में समाप्त हुए लोकसभा के बजट सत्र के बाद सांसदों के कामकाज की जो तस्वीर उभरी है,उससे साफ है कि संख्याबल के बाद भी मप्र के भाजपा सांसद लोकसभा में खुल नहीं पा रहे हैं अथवा दीगर कामों में मसरूफ हैं। सासदों के विधायी कामकाज का रिकार्ड लोकसभा अद्यतन रखती है।
इसके मुताबिक फिलहाल मप्र के ज्योतिरादित्य सिंधिया 146 सवाल पूछकर सूबे के सभी 29 सदस्यों में आगे हैं। उनके बाद भाजपा के सतना सांसद गणेश सिंह का नंबर है जो 97 सवाल पूछ चुके हैं। इसी कतार में भाजपा के मंदसौर के सुधीर गुप्ता 83 ,टीकमगढ़ सांसद वीरेंद्र कुमार 78 व दमोह के प्रहलाद पटेल 72 सवालों के साथ मौजूद हैं।
सदन में विभिन्न विषयों पर चर्चा में बतौर सदस्य गणेश सिंह बीस विषयों पर बहस में शामिल होकर आगे हैं,उनके साथ प्रहलाद पटेल व वीरेंद्र कुमार तेरह-तेरह बहसों में शामिल होकर दूसरे क्रम पर हैं।वहीं कांग्रेस के कमलनाथ ने बारह बहसों में शामिल होकर अपनी मौजूदगी दर्ज कराई है। यद्यपि विदेश मंत्री व मप्र से सांसद सुषमा स्वराज के खाते में भी 14 बहसें हैं।
भाजपा में कई मौनी बाबा
भाजपा के खजुराहो से सांसद नागेंद्र सिंह सभी मोर्चो पर फिसड्डी नजर आ रहे हैं। बहस, प्रश्न और निजी बिलों का उनका आंकडा जीरो है। रीवा सांसद जनार्दन मिश्रा ने एक व उज्जैन के चिंतामणि मालवीय ने दो सवाल पूछे हैं। जबकि वरिष्ठ सांसद व भाजपा के मप्र इकाई के अध्यक्ष नंद कुमार सिंह चौहान के खाते में भी कोई सवाल नहीं है। भोपाल सांसद आलोक संजर आठ सवाल और पांच बहसों में शामिल हुए हैं।
भाजपा के नौ सांसद ऐसे है जो अब तक किसी बहस में शामिल नहीं हुए। हालांकि चौहान कहते हैं कि प्रदर्शन को लेकर भाजपा व कांग्रेस में तुलना ठीक नहीं है, हमारे कई सदस्य बहुत सक्रिय है, लेकिन भाजपा सांसद हर सत्र में लगातार प्रदर्शन में सुधार करेंगे।
सांसद - लोकसभा क्षेत्र - डिबेट - प्रश्न - प्राइवेट बिल
1. अनूप मिश्रा - मुरैना - 0 - 16 - 0
2. भागीरथ प्रसाद- भिंड - 2 - 8 - 0
3.नरेद्र सिंह तोमर - ग्वालियर - 8 - 0 - 1
4.ज्योतिरादित्य सिंधिया - गुना - 4 - 146 - 0
5. एलएन यादव - सागर - 1 - 5 - 0
6.वीरेंद्र कुमार - टीकमगढ़ - 13 - 78 - 0
7 प्रहलाद पटेल - दमोह - 13 - 72 - 1
8. नागेंद्र सिंह - खजुराहो - 0 - 0 - 0
9. गणेश सिंह - सतना - 20 - 97 - 0
10. जनार्दन मिश्रा - रीवा - 3 - 1 - 0
11. रीति पाठक - सीधी - 4 - 41 - 0
12. दलपत सिंह - शहडोल - 0 - 34 - 0
13. राकेश सिंह - जबलपुर - 11 - 57 - 3
14.फग्गन सिंह कुलस्ते - मंडला - 2 - 35 - 0
15 बोध सिंह भगत - बालाघाट - 1 - 24 - 0
16. कमलनाथ - छिंदवाड़ा - 12 - 4 - 0
17. उदयप्रताप सिंह - होशंगाबाद - 0 - 33 -0
18. सुषमा स्वराज - विदिशा - 14 - 0 - 0
19. आलोक संजर - भोपाल - 5 - 8 - 0
20.रोडमल नागर - राजगढ़ - 0 - 15 - 0
21.मनोहर ऊंटवाल - देवास - 0 - 3 -0
22.चिंतामणि मालवीय - उज्जैन - 3 - 2 - 0
23. सुधीर गुप्ता - मंदसौर - 4 - 83 - 0
24. दिलीपसिंह भूरिया - रतलाम - 0 - 52 - 0
25.सावित्री ठाकुर - धार - 0 - 8 - 0
26.सुमित्रा महाजन - इंदौर - 42 - 0 - 0
27.सुभाष पटेल - खरगोन - 0 - 4 - 0
28 नंदकुमार सिंह चौहान - खंडवा - 1 - 0 - 0
29. ज्योति धुर्वे - बैतूल - 15 - 61 - 0