नई दिल्ली। जेडी (यू) नेता शरद यादव एक बार फिर महिलाओं पर अपनी टिप्पणी को लेकर विवाद में हैं। शुक्रवार को राज्यसभा में बीमा बिल पर चर्चा के दौरान यादव ने अचानक ही साउथ की महिलाओं की चर्चा छेड़ दी। उन्होंने कहा कि साउथ की महिलाएं सांवली तो होती हैं, लेकिन उनकी बॉडी खूबसूरत होती है। जब वह यह टिप्पणी कर रहे थे, तो रविशंकर प्रसाद समेत अधिकतर सांसद विरोध जताने की बजाय हंस रहे थे। यही नहीं, यादव ने अपनी टिप्पणी को सही ठहराया है।
यादव जब चर्चा के दौरान बोलने के लिए उठे, तो उन्होंने बीमा क्षेत्र में विदेशी निवेश 26 से 49 फीसदी करने के प्रस्ताव को गोरी चमड़ी को लेकर भारतीयों की सनक से जोड़ दिया। इसके बाद वह दक्षिण भारतीय महिलाओं की चर्चा करने लगे। उन्होंने कहा, 'साउथ की महिला जितनी ज्यादा खूबसूरत होती है, जितना ज्यादा उसका बॉडी... जो पूरा देखने में... यानी इतना हमारे यहां नहीं होती है... वह नृत्य जानती हैं...'
वे यहीं नहीं रुके, उन्होंने आगे कहा कि भारतीय गोरी चमड़ी के आगे किस तरह सरेंडर करते हैं, यह निर्भया डॉक्युमेंट्री बनाने वाली उडविन से पता चलता है। उन्होंने कहा, 'तिहाड़ जेल में डॉक्युमेंट्री बनाने वाली उडविन जहां-जहां घुसी होगी, जो मन में आया होगा वह उसने किया होगा। पूरा देश भी सरेंडर है और यहां मेट्रोमोनियल देखें, तो हर एक आदमी गोरी-गोरी ढूंढ रहा है।' महिलाओं के लिए यादव का यह पहला आपत्तिजनक बयान नहीं है।