भोपाल। मप्र के छतरपुर में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां निर्भया पेट्रोलिंग ने नशे की हालत में एक लड़की को पकड़ा है, जो अपनी इस हालत के लिए अलग-अलग कहानियां गढ़ रही है। इस नाबालिग का कहना है कि, उसे नशा सुंघाकर दोस्त अपने घर पर ही सुला लेता था। हालांकि पुलिस का तर्क है कि लड़की के बयान दर्ज किया जाना बाकी है। इसके बाद ही स्थिति साफ होगी।
यह है पूरा मामला...
लड़की रविवार दोपहर को छतरपुर के डेरी रोड स्थित अपनी मौसी के यहां पहुंची थी। उसके माता-पिता का इंतकाल हो चुका है। रात में उसे घबराहट हुई। वह नशे की हालत में अनाप-शनाप बकने लगी, तो परिजन भूत-प्रेत का चक्कर समझकर डर गए। आनन-फानन में उसकी झाड़-फूंक कराई गई। हालांकि उसके बाद भी जब उसने अनर्गल बकना बंद नहीं किया, तब मौसी को शक हुआ कि, लड़की नशे में है। सोमवार सुबह पुलिस को सूचना दी गई।
मदहोशी में बोली युवती...
'छतरपुर के सौरा रोड पर एक टैक्सी ड्राइवर विकास (परिवर्तित नाम) रहता है। तीन महीने पहले उसकी विकास से दोस्ती हुई। विकास ने उसे नशे की लत लगा दी। वह कई दिनों तक विकास के साथ उसके घर पर ही रही।'
सूचना मिली थी कि एक लड़की नशे की हालत में आवारा घूम रही है। बाद में उसकी मौसी ने भी पुलिस को सूचित किया था। निर्भया टीम लड़की को साथ लेकर आई थी। फिलहाल लड़की को 'चाइल्ड केयर सोसायटी' को सौंप दिया गया है। लड़की जैसे ही बयान देने की स्थिति में आएगी, उसके बाद आगे की कार्रवाई होगी।
ललित शाक्यवार, एसपी