भोपाल। कुछ देर के लिए तो ऐसा लगा मानो हबीबगंज पर आतंकी हमला हुआ है या बम मिला है। चप्पे चप्पे पर पुलिस थी या यूं कहिए कि सिर्फ पुलिस ही पुलिस थी। कुछ कांग्रेसी थे, जो पुलिस बल के बीच में घिरे हुए थे। सीन था हरदा रेल हादसे के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन। हर कांग्रेसी पर 5 पुलिसकर्मी थे।
कांग्रेस के मुठ्ठी भर कार्यकर्ताओं ने हबीबगंज रेलवे स्टेशन पर काली पट्टी बांधकर प्रदर्शन किया। चंद कार्यकर्ताओं को संभालने के लिए हबीबगंज रेलवे स्टेशन पर भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई। जिसमें जीआरपी और जिला पुलिस बल दोनों शामिल थे। प्रदर्शनकारियों से निपटने के लिए हबीबगंज रेलवे स्टेशन को छावनी में तब्दील कर दिया गया।
भोपाल कांग्रेस जिला अध्यक्ष पीसी शर्मा अपने कार्यकर्ताओं के साथ रेलवे स्टेशन पर प्रदर्शन के लिए पहुंचे। पीसी शर्मा ने कहा कि डेम से पानी छोड़ने के कारण यह हादसा हुआ है। इसके साथ ही रेलवे की लापरवाही भी उजागर हुई है। कांग्रेस रेल मंत्री सुरेश प्रभू और रेल राज्य मंत्री मनोज सिन्हा के इस्तीफे की मांग कर रही है। पीसी शर्मा ने कहा कि दोनों मंत्री भोपाल आने के बाद सड़क मार्ग से भी घटना स्थल रवाना हो सकते थे, लेकिन उन्होंने होटल में बैठना ठीक समझा।