भोपाल। दिल्ली का एक जालसाज युवक लड़कियों को अपना शिकार बना रहा है। वो लड़कियों से बाकायदा शादी करता है, दहेज लेता है उसके बाद फिर से पैसे मांगता है और जब लड़कियां पैसा लाना बंद कर देतीं हैं तो उन्हें घर से भगा देता है। भोपाल की ज्योति इस जालसाज की सातवीं शिकार बनी है।
ज्योति भोपाल के जेके रोड स्थित गायत्री नगर में अपनी बुआ के साथ रहती थी। 4 जून 2015 को दिल्ली के विकास नापा नामक युवक से इस युवती की शादी हुई थी। युवती बताती है कि शादी के कुछ दिन बाद पति के मोबाइल में वॉट्सऐप चेटिंग से उसे मालूम हुआ कि विकास की किसी लड़की से बात होती है।
डिटेल खंगालने पर पता चला कि यह वही लड़की है, जिससे विकास की पहले शादी हुई थी। बाद में पता चला कि केवल यही लड़की नहीं, बल्कि पांच लड़कियां पहले ही विकास के हाथों ठगी जा चुकी हैं। एक तरह से ज्योति उसकी सातवीं बीवी बनी है। शादियों का यह धारावाहिक तब सामने आया, जब ज्योति ने आरोपी की एक पूर्व पत्नी से संपर्क साधा। उसी ने बताया कि विकास ने शादी को बाकायदा धंधा बना रखा है। जिस लड़की से उसकी शादी होती थी, उसके परिजनों से वह दुकान खोलने के लिए रुपए मांग करता है। जब तक पत्नी मायके से पैसे लाकर उसकी मांग पूरी करती है, तब तक तो सब ठीक रहता है। ससुराल से माल मिलना बंद होते ही विकास और उसके पिता लड़की पर आरोप लगाकर उसे चलता कर देते हैं। ऐसा ही भोपाल की 23 वर्षीय ज्योति के साथ हुआ और अब वह इंसाफ पाने के लिए चक्कर लगा रही है।