भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान अगले दो-तीन दिन में निगम-मंडलों में नियुक्तियां करना चाहते थे पर प्रदेश भाजपा कार्यालय में प्रदेशाध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान से चर्चा के बाद उन्होंने अब ये नियुक्तियां 12 अगस्त तक के लिए टाल दी हैं।
कल प्रदेश भाजपा कार्यालय में भाजयुमो की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के बाद सीएम से प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि निगम-मंडल में नियुक्तियां नगरीय निकाय चुनावों के बाद की जाएं। प्रदेशाध्यक्ष का कहना था कि अगर अभी निगम-मंडल की सूची जारी की गई तो कई नेता चुनाव प्रचार छोड़कर भोपाल आ सकते हैं। मुख्यमंत्री ने उनके आग्रह को स्वीकार कर लिया। बाद में नंदकुमार सिंह चौहान ने खुद इस बात की पुष्टि करते हुए कहा कि उनके आग्रह पर सीएम ने 12 अगस्त के बाद इन नियुक्तियों के लिए सहमत हो गए हैं।