भोपाल। निगम मंडल की दूसरी लिस्ट तैयार हो गई है। औपचारिक घोषणा रक्षाबंधक के बाद कभी भी कर दी जाएगी। पहली लिस्ट के बाद ज्यादा विवाद सामने नहीं आए हैं अत: शिवराज और मैनेजर्स खुश हैं और दूसरी लिस्ट फटाफट घोषित करने के मूड में हैं लेकिन मंत्रीमंडल का विस्तार फिलहाल टल गया है।
केंद्रीय संगठन के कुछ नेताओं का मत था कि बिहार में चुनावी आचार संहिता 5 सितम्बर के आसपास प्रभावी हो जाएगी। वे इसके पहले मंत्रिमंडल के पक्षधर थे पर प्रदेश के संगठन नेताओं का मत था कि राजधानी भोपाल में होने वाला विश्व हिंदी सम्मेलन बेहद महत्वपूर्ण है। सरकार इसकी तैयारियों में लगी हुई है। ऐसे में इसके निपट जाने के बाद ही विस्तार किया जाए।
संगठन की चिंता यह भी थी कि मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर कुछ विधायकों में असंतोष भी फैल सकता है। संगठन नहीं चाहता था कि ऐसे समय में मीडिया में इससे जुड़ी किसी तरह की खबरें आएं। यही वजह है कि इसे लंबित कर दिया गया है। संगठन के एक नेता ने बताया कि निगम-मंडल की दूसरी सूची के लिए नाम तय कर लिए गए हैं। यह सूची जल्द जारी होने की संभावना है। बताया जाता है कि मुख्यमंत्री रक्षाबंधन के बाद अब कभी भी दूसरी सूची जारी कर देंगे। इसमें आठ से दस नेताओं के नाम बताए जा रहे हैं।