मुंबई। दहेज और प्रताड़ना के आरोपों के चलते राधे मां कई दिनों से चर्चा में हैं। शनिवार की सुबह जब वे औरंगाबाद एक कार्यक्रम में पहुंची तो मीडिया ने उन पर चल रहे विवादों को लेकर सवाल पूछे। राधे मां ने इन सवालों का कोई जवाब नहीं दिया। वे इस दौरान बेहोश भी हो गईं। किसी तरह उन्हें कार तक पहुंचाया गया। यहां भी वे साड़ी से अपना चेहरा छुपाने लगीं। थोड़ी देर बाद उनकी आखों से आंसू निकलने लगे।
क्या है मामला
खुद को देवी का अवतार बताने वाली राधे मां के खिलाफ मुंबई के बोरीवली इलाके में केस दर्ज हुआ है। राधे मां पर एक महिला को उसके पति और ससुरालवालों से प्रताड़ित करवाने का आरोप लगा है। बोरीवली पुलिस ने इस मामले में राधे मां समेत 7 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। इसी बीच उनका एक वीडियो भी मीडिया में आया जिस में वे बॉलीवुड गाने पर डांस करती दिखाईं दे रही हैं।