भोपाल। पुलिस पब्लिक स्कूल में 12वीं में पढ़ रहे एक छात्र ने स्कूल से लौटते ही फांसी लगा ली। वो पिछले कई दिनों से गुमसुम था। स्कूल में ऐसा क्या हो रहा था जिसके चलते उसने फांसी लगाई, इसका पता अभी नहीं चल पाया है। कमलानगर थाना पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है।
रीवा निवासी लीलामणि द्विवेदी कोटरा स्थित नया बसेरा में 18 वर्षीय बेटे शिवम के साथ रहते हैं। शिवम पुलिस पब्लिक स्कूल में कक्षा बारहवीं का छात्र था। रोज की तरह शुक्रवार दोपहर डेढ़ बजे जब शिवम स्कूल से घर लौटा तो उसके पिता ड्यूटी के लिए रवाना हो गए। साढ़े चार बजे पड़ोसी ने पानी भरने के लिए दस्तक दी। काफी देर बाद भी जवाब नहीं मिला तो उन्होंने खिड़की से झांका। देखा कि शिवम की लाश फांसी पर झूल रही थी। लीलामणि ने पुलिस को बताया कि शिवम कुछ दिनों से अकेले रहने लगा था। संभवत: इसी कारण से उसने फांसी लगाई होगी।
पत्नी की जुदाई में फांसी लगाई
अशोका गार्डन स्थित सेमराकलां निवासी 28 वर्षीय मनोज लोधी ने शनिवार सुबह नौ बजे फांसी लगा ली। तीन महीने पहले उसकी पत्नी दोनों बच्चों को लेकर मायके चली गई थी। इसके बाद से उसने शराब पीना शुरू कर दिया था। ये कदम भी उसने शराब के नशे में ही उठाया है। अशोका गार्डन पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।