झाबुआ। पेटलावद ब्लास्ट के आरोपी एवं कथित आरएसएस स्वयंसेवक राजेन्द्र कांसवा के मामले में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान ने एक नया खुलासा किया है। उन्हांने कहा कि कांसवा का लाइसेंस कांतिलाल भूरिया ने ही दिलवाया था। हम तो चाहते हैं कि उसे फांसी दी जानी चाहिए। याद दिला दें कि इससे पहले नंदूभैया ने कांसवा को कांतिलाल के बेटे का दोस्त भी बताया था परंतु बाद में उन्होने यूटर्न ले लिया था।
मंगलवार को झाबुआ में आयोजित भाजपा कार्यकर्ता सम्मेलन में नंदकुमार सिंह चौहान ने राजेन्द्र कांसवा को लेकर कई तीखे हमले किए। चौहान ने कांग्रेस को कांसवा का मददगार बताया। उन्होंने यह भी जोड़ा कि कांतिलाल की कृपा से एक सड़कछाप करोड़पति बन गया।
ये पूछे जाने पर कि जब कांग्रेस लगातार कांसवा की गिरफ्तारी की मांग कर रही है, भाजपा ने अभी तक इस बात पर जोर नहीं दिया। श्री चौहान ने जवाब दिया, हम पूरी ताकत से ये बात कह रहे हैं कि कांसवा को फौरन गिरफ्तार किया जाना चाहिए। वीभत्स कांड और कई लोगों की मौत के जिम्मेदार को कानून की पकड़ में आना जरूरी है।
कार्यकर्ता सम्मेलन में श्री चौहान ने कहा कि राजेंद्र कांसवा को फांसी दी जाना चाहिए। उसने जो कृत्य किया है वह माफी लायक नहीं है।
कांतिलाल का जवाब
आरोप के जवाब में कांतिलाल भूरिया ने कहा- पहले ही साफ हो चुका है कि कांसवा भाजपा और संघ के लोगों का करीबी है। सब जानते हैं, कांसवा को किसका वरदहस्त था। वह भाजपा के व्यापारी प्रकोष्ठ का पदाधिकारी था। भाजपा और संघ के दबाव में उसकी गिरफ्तारी नहीं हो पा रही। उन्हें डर है कि अगर वो पकड़ाया तो उनके पाप सामने आ जाएंगे।