नईदिल्ली। सोशल मीडिया पर मनमोहन सिंह का खूब मजाक उड़ाया गया परंतु उनको नजदीक से जानने वाले दावा करते हैं अपने कार्यकाल में जितना काम मनमोहन सिंह ने किया, उतना कोई दूसरा कर ही नहीं सकता था। यहां तक कि कश्मीर का विवाद भी मनमोहन सिंह ने लगभग सुलझा ही लिया था कि पाकिस्तान में सरकार बदल गई और बाद में मनमोहन सिंह भी प्रधानमंत्री नहीं रहे परंतु उन्होंने यह सीक्रेट फाइल पर्सनली नरेन्द्र मोदी को सौंप दी थी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार बनते ही पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने उन्हें एक बहुत ही महत्वपूर्ण फाइल सौंपी थी। ख़बर है कि पाकिस्तान के पूर्व राष्ट्रपति परवेज मुशर्रफ ने जम्मू कश्मीर विवाद को सुलझाने के लिए एक ड्राफ्ट तैयार किया था। इस ड्राफ्ट को बाद में मनमोहन सिंह ने व्यक्तिगत रूप से 27 मई 2014 को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को सौंप दिया था।
इस बात का दावा एक अंग्रेजी अखबार ने किया है। कुछ ऎसा ही दावा पाकिस्तान के पूर्व विदेश मंत्री खुर्शीद कसूरी ने भी किया है। अपनी किताब “नाइदर ए हॉक नॉर एक डव” की रीलिज के भारत आए कसूरी ने कई चैनलों से बातचीत में दावा किया कि मुशर्रफ और मनमोहन सिंह के बीच जम्मू कश्मीर विवाद पर लगभग सहमति बन गई थी। कसूरी की किताब में लिखा है कि कश्मीर पर गुप्त समझौते में भारत और पाकिस्तान के साझा तौर पर क्षेत्र का प्रबंधन और यहां से सेना हटाने की बात शामिल थी।
अंग्रेजी अखबार की रिपोर्ट के अनुसार समझौते के ड्राफ्ट में जम्मू कश्मीर और पाक अधिकृत कश्मीर में चुनी हुई सरकारों और दोनों देशों की सरकारों के अधिकारियों का एक सलाहकार तंत्र बनाया गया था। इस सलाहकार तंत्र को राज्य में सामाजिक और आर्थिक मुद्दों जैसे पर्यटन, धार्मिक यात्रा, संस्कृति और व्यापार पर काम करने का अधिकार होता।