नई दिल्ली। भारतीय रेलवे के कर्मचारियों के लिए ये दिवाली धमाकेदार हो सकती है। कर्मचारियों को चालू वित्त वर्ष 2014-15 के लिए 78 दिन का बोनस मिल सकता है। यह बोनस पिछले तीन साल के समान ही होगा।
रेल मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी के अनुसार रेल कर्मचारियों के लिए 78 दिन के उत्पादकता सम्बद्ध बोनस की घोषणा को रेल यूनियनों के साथ अंतिम रूप दिया जा रहा है। रेलवे कर्मचारियों को हर साल दशहरे से पहले उत्पादकता सम्बद्ध बोनस का भुगतान किया जाता है।
सूत्रों ने बताया कि बोनस का प्रस्ताव बुधवार को केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में रखा जा सकता है। यदि कैबिनेट इस प्रस्ताव को मंजूरी दे देती है तो करीब 12 लाख रेलकर्मियों को इस महीने 8,897 करोड़ रूपये बोनस के रूप में दिए जाएंगे।
नेशनल फेडरेशन आफ इंडियन रेलवेमेन के एक पदाधिकारी ने बताया, हमने इस साल 78 दिन के बोनस से अधिक की मांग की है क्योंकि रेलवे ने पिछले साल भी अपने कर्मचारियों को इतना ही बोनस दिया था।