
नवोदय विद्यालय समिति भोपाल क्षेत्र के अंतर्गत मप्र, ओडिशा और छत्तीसगढ़ राज्य आते हैं। समिति इन राज्यों में 100 नवोदय विद्यालयों को संचालित करती हंै। समिति ने 2013 में 82 शिक्षकों की भर्ती की थी। भर्ती प्रक्रिया के दौरान भोपाल में 250 उम्मीदवारों को साक्षात्कार के लिए बुलाया था। इनमें से जिन लोगों का चयन किया, उनमें से कुछ लोग निर्धारित पात्रता नहीं रखते हैं। उन्हें डिप्टी कमिश्नर मोहम्मद कलीम ने लेन-देन के बाद पात्र घोषित कर दिया। चयन सूची के बाद शिक्षकों की भर्ती में फर्जीवाड़े की शिकायत हुई। इसी दौरान मोहम्मद कलीम भी रिटायर हो गए। इसके बाद दस्तावेजों से यह फर्जीवाड़ा उजागर हुआ। मामले में पहले नवोदय विद्यालय संगठन ने आंतरिक स्तर पर अपनी जांच कराई। इसमें अनियमितता मिली। इसकी जानकारी मिलने पर मानव संसाधन विकास मंत्रालय ने सीबीआई को जांच के निर्देश दिए। आंतरिक जांच के आधार पर समिति ने सभी 82 शिक्षकों की नियुक्तियां रद्द कर दी हैं। आरोपी डिप्टी कमिश्नर मोहम्मद कलीम रिटायरमेंट के बाद भोपाल से लखनऊ चले गए हैं।
समिति द्वारा जारी किए गए नियुक्ति पत्र वापस लिए
समिति द्वारा जारी किए नियुक्ति पत्र वापस ले लिए हैं। 80 से ज्यादा नियुक्तियां रद्द हो गईं हैं। सीबीआई अपने स्तर पर जांच कर रही है। अभी रिपोर्ट नहीं आई। हमारी आंतरिक जांच में भी कुछ नियुक्तियों में अपात्रों को फायदा पहुंचाने की बात सामने आई है। इसी आधार पर नियुक्तियां रद्द कर दी हैं।
एसके गुलेरिया, डिप्टी कमिश्नर, क्षेत्रीय कार्यालय नवोदय विद्यालय समिति भोपाल