
17 जनवरी को केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर के पुत्र देवेन्द्र तोमर और राज्यसभा सांसद प्रभात झा के पुत्र तुष्मुल झा का जन्मदिन था। इसके चलते शहर भाजपा के नेताओं और समर्थकों ने हर चौराहे से लेकर प्रमुख मार्गों पर बधाई के होर्डिंग्स लगा दिए। कुछ उत्साही नेताओं ने रेसकोर्स रोड पर ही केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर के सरकारी बंगले के बाहर ही बधाई को होर्डिंग लगा दिए।
होर्डिंग लगाने पर झा ने कर दी थी सभा निरस्त
एक समय था, जब प्रभात झा मप्र के भाजपा अध्यक्ष थे तो उन्होंने कहा था स्वागत या बधाई के होर्डिंग नहीं लगाएं जाएंगे। भिंड के गोहद में तो उन्होंने एक सभा ही आधार पर निरस्त कर दी थी, कि उनके स्वागत के होर्डिंग वहां के नेताओं ने लगा दिए थे। अब उनके पुत्र के जन्मदिन के शहर में होर्डिंग लग रहे हैं।
इसी प्रकार केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर के पुत्र देवेन्द्र तोमर, जिन्हें भाजपा नेता रामू भैया कहकर बुलाते हैं। उनके लिए भी हर चौराहे पर बधाई देने वाले होर्डिंग लगे हुए हैं। नरेन्द्र सिंह तोमर के पुत्र उस समय भी सुर्खियों में रहे थे, जब तानसेन सम्मान के लिए बनाई गई समिति में शहर के 10 लाख लोगों में एक ही गणमान्य नागरिक के रूप में देवेन्द्र तोमर को लिया गया था।