
प्रदेश सरकार के खिलाफ आन्दोलन
प्रदेश सरकार के खिलाफ महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष मांडवी चौहान के नेतृत्व में हुंकार आन्दोलन का आयोजन मंगलवार को सिविक सेंटर में हुआ। आन्दोलन में कांग्रेस नेत्रियों ने प्रदेश की भाजपा सरकार की नीतियों की जमकर आलोचना की। मांडवी चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान बड़ी-बड़ी बातें करते हैं लेकिन प्रदेश की जनता के लिए कुछ नहीं किया।
प्रदेश में महिला उत्पीड़न बढ़ने को लेकर महिला प्रदेश अध्यक्ष ने भाजपा सरकार को कठघरे में लिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बच्ची से लेकर बुजुर्ग महिलाएं भी सुरक्षित नहीं हैं और मुख्यमंत्री खुद को महिलाओं के भाई और बच्चियों के मामा कहते हैं।
अनुभा शर्मा ने यूपीए सरकार और एनडीए सरकार के कार्यकाल में क्रूड ऑइल की तुलना करके बताया कि किस तरह से पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ रहे हैं। आज की स्थिति में पेट्रोल और डीजल के रेट कम होना चाहिए लेकिन एनडीए सरकार जनता पर आर्थिक बोझ डालकर अपना मुनाफा कमा रही है।
कौशल्या गोंटिया ने कहा कि भाजपा सरकार ने जनता की थाली से दाल छीन ली। महंगाई के इस दौर में जनता परेशान हो रही है। रेखा जैन ने प्रदेश में महिलाओं पर बढ़ते अपराध, महंगाई के लिए प्रदेश सरकार को जमकर कोसा।