भोपाल। प्रदेशभर की आशा-उषा कार्यकर्ताओं ने शनिवार को सात सूत्रीय मांगों को लेकर रैली निकाली और प्रदर्शन किया। आशा-उषा सहयोगी कार्यकर्ता संगठन के बैनर तले यादगार-ए-शाहजहांनी पार्क में किए गए प्रदर्शन में प्रदेश के कई जिलों से आई महिलाएं शामिल हुईं। इन गुस्साई महिलाओं को मनाने भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष मनोरंजन मिश्रा धरना स्थल पर पहुंचे। मिश्रा ने सभा को संबोधित करते हुए भरोसा दिलाया कि सीएम के सामने उनकी मांगें प्रमुखता से रखेंगे।
इससे पहले सभा को संगठन की प्रांताध्यक्ष विभा श्रीवास्तव समेत कई पदाधिकारियों ने संबोधित किया। प्रांताध्यक्ष ने कहा कि हमें सरकारी कर्मचारी माना जाए, आरोग्य केंद्र अलग दिया जाए। 10 व 12वीं पास कार्यकर्ताओं को एएनएम बनाया जाए।
आशा कार्यकर्ता को दस हजार और सहयोगी को पंद्रह हजार रुपए हर महीने वेतन दिया जाए।उन्होंने कहा कि प्रदेश के कई जिलों में तीन चार महीने से सेलरी नहीं दी गई है। इसका भी जल्द भुगतान किया जाए।