---------

FLOOD की चपेट में मालवा-निमाड़, 22 लोगों की मौत

इंदौर। सागर से भोपाल होते हुए निकली आफत की बारिश अब मालवा-निमाड़ इलाके में बरस रही है। यहां 36 घंटे से लगातार मूसलाधार बारिश हो रही है। इंदौर, उज्जैन, शाजापुर एवं आगर मालवा समेत कई इलाकों में बाढ़ के हालात बन गए हैं। बस्तियों में पानी भर गया है। अब तक 22 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। 

मप्र में अब तक सामान्य से 63 फीसदी अधिक बारिश हो चुकी है। नदियों के उफान पर आने के कारण कई हिस्से कट गए हैं। महाकोशल-विंध्य में बीते पांच दिन से झमाझम बारिश का दौर थम गया। शहडोल के दादर गांव में बिजली गिरने से दो और दमोह में एक की मौत हो गई। एक झुलस भी गया है।

वहीं सतना में बच्चों के साथ नहाने के लिए गई 11 वर्षीय किशोरी नैना कोल का सुबह टमस नदी में पैर फिसल गया। इससे वह गहरे पानी में समा गई। परिजनों और गोतोखोरों ने 10 घंटे तक खोजबीन की, लेकिन पता नहीं चल सका। विदिशा जिले में मकान गिरने से बुजुर्ग दंपती की मौत हो गई।

दूसरी ओर मुख्यमंत्री ने हालात की फिर समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन लोगों का अनाज खराब हो गया है, उन्हें सस्ती दर पर उपलब्ध कराया जाएगा। बाढ़ प्रभावित इलाकों में सिंहस्थ में काम करने वाले होमगार्ड की ड्यूटी लगाएं और डॉक्टरों की टीम तैनात करें। मुख्यमंत्री ने गृहमंत्री राजनाथ सिंह को फोन पर बाढ़ के हालात की जानकारी भी दी।

कहां-क्या हालात
आगर जिले के इंदौर-कोटा रोड पर तनोड़िया व सोयतकलां के पास दो पुलियाओं पर पानी बहने से कई घंटे हाईवे जाम है। बुरहानपुर में ताप्ती नदी खतरे के निशान (220.800 मीटर) के ऊपर (221.000 मीटर ) पहुंच गई। प्रशासन ने मुनादी कराकर अलर्ट जारी किया है। निचली बस्तियों में सैकड़ों परिवार बाढ़ से प्रभावित हें। देवास जिले की कई छोटी नदियां उफान पर हैं। कई गांवों का संपर्क कट गया है। मंदसौर में भानपुरा में 4.5 इंच, गरोठ-शामगढ़ में 4-4 इंच बारिश हुई। उज्जैन में 24 घंटे में 3 इंच बारिश हुई। तराना रोड पर की पुलिया पर आवागमन बंद है।

दमोह के इमलिया भोना पर आठ करोड़ रुपए में बन रही स्टाप डेम बची। बाजू से मिट्टी फोड़कर नदी के पानी ने रास्ता बना लिया। छिंदवाड़ा के परासिया न्यूटन में नौ करोड़ की लागत से बन रहे बांध का बड़ा हिस्सा बह गया। विदिशा और रायसेन में बाढ़ के हालात हैं। भोपाल और अशोकनगर का संपर्क टूट गया है। 829 लोग सुरक्षित निकाले गए। भोपाल और सागर में बारिश थमी है।जबलपुर क्षेत्र में सिवनी-कटंगी और नरसिंहपुर-तेंदूखेड़ा मार्ग कट गया है।

नदियां उफान पर
विदिशा में बेतवा,बैतूल में पूर्णा व गोतमा, आगर में कालीसिंध, बुरहानपुर में ताप्ती, शिवपुरी में सिंध नदी, जबलपुर क्षेत्र में टमस, मंदाकिनी, सुनार, ब्यारमा, वैनगंगा।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!
$("#merobloggingtips-before-ad .widget").each(function () { var e = $(this); e.length && e.appendTo($("#before-ad")) }), $("#merobloggingtips-after-ad .widget").each(function () { var e = $(this); e.length && e.appendTo($("#after-ad")) });