
कंपनी ने स्टाफ की नियुक्ति के लिए प्रतिनियुक्ति के आधार पर पदों को भरने विज्ञापन निकाला था। इसकी समय सीमा भी पूरी हो गई लेकिन कर्मचारियों ने आवेदन ही नहीं किया। अब एचआर कंसल्टिंग एजेंसी से इन पदों को भरे जाने की तैयारी की जा रही है।
75 पदों पर होना है भर्ती
स्मार्ट सिटी कंपनी में 75 पदों पर भर्ती होना है। इसके लिए निगम ने मई अंतिम सप्ताह में विज्ञापन निकाले थे और 15 जून को भर्ती के लिए इंटरव्यू होना थे। भर्ती प्रक्रिया पूरी करने पैनल भी बन गया पर कंपनी में नौकरी करने कोई आगे नहीं आया। कंपनी में अभी महज सीईओ है। इसके चलते कई काम रुके हुए हैं।
अपेक्षाओं के अनुरूप रिजल्ट नहीं दे पाएंगे कर्मचारी
स्मार्ट सिटी में प्रतिनियुक्ति पर आने वाले कर्मचारियों को प्रशिक्षण और स्मार्ट सिटी संबंधी अनुभव के लिए देश-विदेश के शहरों में भेजने की भी तैयारी है। इसके अलावा उनके वेतन भत्तों में भी इजाफा करने का प्लान है। कंपनी एक्ट के अनुसार कर्मचारियों को वेतन मिलेगा। जो मौजूदा वेतन से ज्यादा होगा। इसके बावजूद कर्मचारी स्मार्ट सिटी कंपनी में काम करने को तैयार नहीं हैं।
इन पदों पर होना है भर्ती
- 52 असिस्टेंट और क्लर्क
- 12 इंजीनियरों की जरूरत
- 03 अकाउंटेंट, चार्टर्ड अकाउंटेंट
मप्र अधिकारी व कर्मचारी संयुक्त मोर्चा के संरक्षक भुवनेश पटेल का कहना है कि स्मार्ट सिटी प्रधानमंत्री का ड्रीम प्रोजेक्ट है। इसकी लगातार मॉनिटरिंग होगी और रिजल्ट मांगे जाएंगे। प्रदेश में कर्मचारियों की औसत उम्र 54 साल है। ज्यादातर कर्मचारी आधुनिक तकनीक से वाकिफ नहीं हैं। स्मार्ट सिटी कंपनी के अनुरूप रिजल्ट नहीं दे पाएंगे। उनसे 25 साल की उम्र वालों जैसे काम की अपेक्षा की जाएगी। इस कारण वे कंपनी में काम करने से डर रहे हैं।
चंद्रमौलि शुक्ला, सीईओ, स्मार्ट सिटी कंपनी का कहना है कि कर्मचारियों की भर्ती प्रक्रिया शुरू हुई है। अभी तक आवेदन नहीं आए हैं। उम्मीद थी कि पदों से दोगुने आवेदन आएंगे। ऐसा नहीं हुआ अब एचआर कंसल्टेंट कंपनी से पदों पर भर्ती कराने विचार कर रहे हैं।