भोपाल। राजधानी में कांग्रेस पटरी से बार बार उतर जाती है। नगरनिगम में नेता प्रतिपक्ष मोहम्मद सगीर ने पहले पद से इस्तीफे की पेशकश की और फिर जिलाध्यक्ष पीसी शर्मा पर गुटबाजी का आरोप लगाया और थोड़ी ही देर बाद आरोप वापस लेते हुए पार्टी के सभी दिग्गजों पर लगा दिया।
पहले उन्होंने कहा कि कांग्रेस को बर्बाद करने में जिला कांग्रेस अध्यक्ष पीसी शर्मा का हाथ है। गुटबाजी के कारण कांग्रेस के नेता एक झंडे के नीचे इकट्ठा नहीं हो रहे हैंं। इसके लिए जिला कांग्रेस अध्यक्ष पीसी शर्मा भी जिम्मेदार हैं। जब शर्मा को उनके इस बयान की जानकारी मिली तो उन्होंने सगीर से संपर्क किया। इसके बाद सगीर ने कहा कि मीडिया उनका अधूरा बयान बता रहा है। सगीर ने कहा कि उनका आशय है कि पार्टी के सभी बड़े नेता इसके लिए जिम्मेदार हैं और इसमें वे खुद भी शामिल हैं।
बता दें कि निगम के नेता प्रतिपक्ष मोहम्मद सगीर ने अपने पद से इस्तीफे की पेशकश की थी। तब उन्होंने आरोप लगाया था कि पार्षदों का पूरा सहयोग उन्हें नहीं मिल रहा है। इसी संदर्भ में जब पत्रकार उनसे चर्चा कर रहे थे तो उन्होंने पीसी शर्मा के खिलाफ बयान दिया।