
पीड़िता के मुताबिक वह सिलाई का काम करती है। इसी दौरान उसकी जान पहचान एक महिला से हुई। दोनों के बीच अच्छी दोस्ती हो गई। इस दौरान महिला ने अपने देवर इलियास से उसकी मुलाकात करवाई। वह भी इलियास से घुलमिल गई। एक दिन पीड़िता उस महिला के घर गई। महिला ने कहा कि वह किसी काम से बाजार जा रही है, जल्दी लौट आएगी तब तक वह वहां बैठ जाए।
घर पर इलियास भी मौजूद था। इलियास मौका पाकर उससे छेड़छाड़ करने लगा। उसने विरोध किया तो वह उसे धमकी देने लगा। इसके बाद इलियास ने उससे दुष्कर्म किया। पीड़िता ने जब घर जाकर अपनी मां को इस घटना संबंधी बताया तो पीडि़ता की मां उस महिला के घर गई। मामले में निकाह करने पर समझौता हो गया। 29 फरवरी को इलियास व पीडि़त लड़की का निकाह करवा दिया गया।
पीडि़ता के मुताबिक निकाह के बाद उसका जीवन नरक बन गया। उसका पति बिना उसकी मर्जी के भी उससे कभी भी कहीं भी शारीरिक संबंध बनाने लगा। यही नहीं उसके जेठ व देवर भी उसे बहशी निगाह देखने लगे। एक दिन जेठ व देवर ने मिलकर उसका रेप कर डाला।
पीड़िता के मुताबिक जब उसने यह बात अपने पति को बताई तो उसने किराये पर एक घर ले लिया। यहां भी उसकी मुश्किलें कम नहीं हुई। यहां 17 अप्रैल को 2 लड़के घर में घुस आए और उसे अपनी हवस का शिकार बना लिया। उससे मारपीट भी की गई। इस घटना की जानकारी जब पति को लगी तो उसने तलाक दे दिया।
पीड़िता ने अब पति, जेठ सहित 6 व्यक्तियों पर आरोप लगाते हुए एसएसपी से इंसाफ की मांग की, लेकिन डीएसपी समक्ष पड़ताल के दौरान पीडि़ता अपनी जेठानी व देवर के खिलाफ ठोस गवाह या पुख्ता सबूत पेश नहीं कर सकी। जांच-पड़ताल के बाद पुलिस ने मोहम्मद इलियास, जमीला उर्फ जीलो, मोहम्मद शमशाद उर्फ बब्बू, फरदीन इकबाल उर्फ मुनबर निवासी मालेरकोटला के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।