
अखिलेश यादव ने गुरुवार को कैबिनेट बैठक के बाद राहुल गांधी की देवरिया से दिल्ली की किसान यात्रा पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की। अखिलेश यादव ने कहा कि राहुल गांधी अच्छे लड़के हैं। वह अक्सर ही यात्रा पर रहते हैं। इसी क्रम में अब उत्तर प्रदेश में हैं। उन्होंने कहा कि यह तो सौभाग्य है कि राहुल गांधी अमेठी से सांसद है। उनको तो लगातार ही उत्तर प्रदेश आते-जाते रहता चाहिए। जिससे कि उनके साथ हमारी दोस्ती भी बढ़ जाएगी। इसके बाद आज उन्होंने अखबार के कार्टून का जिक्र किया। जिसमें किसान खटिया पर बैठा है, सामने लैपटॉप रखा है और साइकिल खड़ी है।
कांग्रेसी राजनीति के पंडित अखिलेश यादव के इस बयान को राहुल गांधी के सामने गठबंधन का प्रस्ताव भी मान रहे हैं। कुछ कांग्रेसियों ने अखिलेश यादव के इस अनुमानित प्रस्ताव को खारिज भी कर दिया है। जबकि सपा के पुजारियों का तर्क है कि अखिलेश तो मायावती को भी बुआजी बुलाते हैं। उनके संबोधन और संबंधों में काफी अंतर होता है।