
भारत और पाकिस्तान के बीच सीमा पर जारी विवाद का प्रभाव मनोरंजन जगत पर भी पड़ा है। कई भारतीय संगठनों ने देश में काम कर रहे पाकिस्तानी कलाकारों पर प्रतिबंध लगा दिया है और कुछ पाकिस्तानी थियेटरों ने भारतीय फिल्मों को दिखाना बंद कर दिया है।
निर्देशक करण जौहर की फिल्म 'ए दिल है मुश्किल' इस विवाद का शिकार होने वाली पहली फिल्म बनी। इसमें पाकिस्तानी कलाकार फवाद खान मुख्य भूमिका में हैं। सिनेमाघर में 28 अक्टूबर को रिलीज होने वाली फिल्म को लेकर करण को यह वचन देना पड़ा कि वो आगे से कभी पाकिस्तानी कलाकारों के साथ काम नहीं करेंगे। फिर 5 करोड़ रुपए चंदा चुकाया तब कहीं जाकर फिल्म रिलीज की स्थिति बनी है।