भोपाल। शहडोल में चल रहे उपचुनाव से पहले की गई शिवराज सिंह की प्रशासनिक जमावट को झटका लगा है। उन्होंने अनूपपुर में अजय शर्मा को हटाकर आलोक सिंह को भेजा था। चुनाव आयोग ने शिवराज सिंह का यह आदेश रद्द कर दिया है।
राज्य सरकार ने चुनाव की घोषणा से तीन दिन पूर्व अनूपपुर कलेक्टर अजय शर्मा को हटा दिया था। सरकार ने उनकी जगह आलोक सिंह को कलेक्टर बनाया था। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कमलनाथ सहित कई कांग्रेसियों ने चुनाव आयोग को कलेक्टर के अचानक बदले जाने की शिकायत की थी।
चुनाव आयोग ने इन शिकायतों पर संज्ञान लेते हुए राज्य के मुख्य सचिव बीपी सिंह को हटाए गए अनूपपुर कलेक्टर अजय शर्मा को दोबारा पदस्थ करने का आदेश दिया है। आयोग के निर्देशों के अनुसार, अजय शर्मा को आज शाम 5 बजे तक पदस्थ करें। एसडीएम कोतमा आरएन सिंह को भी कार्यमुक्त किया जाए। तीन साल से जमे तहसीलदार ईश्वरचंद प्रधान को हटाया जाए। सब इंस्पेक्टर हरीश शुक्ला व सुशील शुक्ला को भी हटाया जाए।