BJP युवा मोर्चा को सुपुत्र मोर्चा बनाने की तैयारी

Bhopal Samachar
भोपाल। भाजपा के युवा मोर्चा को अब सुपुत्र मोर्चा बनाने की तैयारी हो गई है। परिवारवाद का डटकर विरोध करने वाले भाजपा के तमाम दिग्गज नेता अब अपने सुपुत्रों को युवा मोर्चा की प्रदेश कार्यकारिणी में सेट करना चाहते हैं ताकि आने वाले विधानसभा चुनाव में बतौर प्रत्याशी दावा कर सकें। राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय से लेकर आरक्षित मंत्री कुसुम मेहदेले तक सबके रक्त संबंधी युवा मोर्चा में विभिन्न पदों के दावेदार हैं। यदि इन्हे सेट नहीं किया गया तो सीएम शिवराज सिंह को दर्जन भर दिग्गजों का विरोध सहन करना होगा और यदि सेट किया तो भाजपा का युवा मोर्चा मूलत: सुपुत्र मोर्चा हो जाएगा। 

अभिलाष पांडे को युवा मोर्चा का अध्यक्ष बने दो माह से अधिक का समय हो गया है। इस दौरान वे प्रदेश के अधिकांश हिस्सों का दौरा भी कर चुके हैं। अपनी टीम को लेकर पांडे की प्रदेशाध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान, प्रदेश संगठन महामंत्री सुहास भगत समेत अन्य वरिष्ठ नेताओं से बात हो चुकी है। सूत्रों की माने तो सूची फाइनल होने में नेतापुत्रों को कार्यकारिणी में लेना बड़ी बाधा बन रहा है। संघ नहीं चाहता कि किसी भी कार्यकारिणी में परिवारवाद दिखाई दे और विरोधियों को मौका मिले। 

इन मंत्रियों के पुत्र कतार में
मंत्री गोपाल भार्गव के पुत्र अभिषेक भार्गव युवा मोर्चा में अभी प्रदेश उपाध्यक्ष हैं। वे अध्यक्ष पद की दौड़ में भी थे।
वित्त मंत्री जयंत मलैया के पुत्र सिद्धार्थ मलैया पूर्व में प्रदेश कार्यकारिणी की सदस्य रह चुके हैं। वे इस बार भी पद के दावेदार हैं।
किसान कल्याण मंत्री गौरीशंकर बिसेन की बेटी मौसम बिसेन भी राजनीति में सक्रिय हैं। वे पिता की अनुपस्थिति में क्षेत्र भी संभालती है। अब युवा मोर्चा में उनके पद की दावेदारी है।
वन मंत्री गौरीशंकर शेजवार द्वारा अगला चुनाव न लड़ने की घोषणा के बाद उनके पुत्र मुदित शेजवार सक्रिय है। अपनी राजनीतिक सक्रियता के चलते वे भी संगठन मेंं पद के दावेदार हैं।
ऊर्जा मंत्री पारस जैन के पुत्र संदेश जैन को भी मंत्री समर्थक जिले के नेता युवा मोर्चा में पद दिलाकर उन्हें सक्रिय राजनीति में लाने में लगे हैं।
पीएचई मंत्री कुसुम मेहदेले के भतीजे पार्थ मेहदेले पन्ना की राजनीति में खासे सक्रिय हैं। पार्थ अभी पन्ना में युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष हैं। वे अब प्रदेश में पद चाह रहे हैं।

ये नहीं आए तो खेल बिगड़ेगा 
इसके अलावा पूर्व मंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय के पुत्र आकाश और राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रभात झा के पुत्र तुषमुल झा का नाम भी युवा मोर्चा की प्रदेश कार्यकारिणी के चल रहा है।

कुल 25 पद और 30 से ज्यादा सुपुत्र दावेदार
युवा मोर्चा की नई टीम में केवल प्रदेश उपाध्यक्ष, महासचिव और प्रदेश मंत्री जैसे पदों पर 25 लोगों की नियुक्ति होनी है। इसमें दर्जन भर तो दिग्गजों के सुपुत्र सेट होने हैं। इसके बाद भाजपा के कई दूसरे बड़े नेता भी हैं जो सांसद या विधायक हैं या फिर संगठन मंत्री जैसी ताकतवर पोजीशन पर हैं। 

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!