सिंहस्थ का मिथक टूटा: ना शिवराज बदले ना सरकार

Bhopal Samachar
भोपाल। मप्र के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान कई रिकॉर्ड तोड़ रहे हैं। वो सबसे ज्यादा समय तक मप्र पर शासन करने वाले व्यक्ति बन चुके हैं। इसके साथ ही उन्होंने सिंहस्थ का वो मिथक भी तोड़ दिया जो 1956 से लगातार चला आ रहा था। यहां हर बार सिंहस्थ के बाद या तो सरकार बदल जाती थी या फिर मुख्यमंत्री। सिंहस्थ 2016 के बाद ऐसा कतई नहीं हुआ। उल्टा सिंहस्थ से पहले जो सरकार दवाब में चल रही थी अब वो भी खत्म हो गया। इन दिनों सीएम शिवराज सिंह और उनके मंत्री बिना किसी दवाब के, पूरी आजादी के साथ काम कर रहे हैं। कोई तनाव नहीं है। 

कब-किसकी कैसे बदली सत्ता
सिंहस्थ 2016 शुरू होने से पहले ज्योतिषाचार्य पं. अमर डिब्बावाला ने बताया था कि भारतीय ज्योतिष शास्त्र के अनुसार राजनीति का कारक ग्रह राहु तथा शनि को विशेष तौर पर माना गया है। जब भी गोचर काल में राहु-शनि का अन्य पाप ग्रहों से खडाष्टक अथवा दृष्टि संबंध या युति संबंध होता है तो राजनीति परिप्रेक्ष्य में परिवर्तन की स्थितियां बनती हैं। चूंकि बृहस्पति का गोचर काल सिंह राशि में बारह वर्ष बाद बनता है तब विपरीत स्थितियों में ग्रहों का दृष्टि संबंध शासन परिवर्तन करवाता है आैर प्राय: जब शनि, मंगल का भी गोचर काल वक्र गति से होता है तो वह परिवर्तन की स्थिति को बल प्रदान करता है। इस बार भी सिंहस्थ में इस प्रकार के योग बन रहे हैं, जो प्रदेश में सत्ता सहित बड़े स्तर पर शासकीय परिवर्तन की ओर से इशारा कर रहे हैं। 

अप्रैल-मई 2004 में सिंहस्थ हुआ। 
प्रदेश में पूर्ण बहुमत के साथ 8 दिसंबर 2003 को मुख्यमंत्री बनीं भाजपा नेता उमा भारती एक साल भी पद पर काबिज नहीं रह सकीं। 1994 में हुए हुबली दंगा मामले में कर्नाटक की कोर्ट से अरेस्ट वारंट जारी होने के कारण उन्हें 23 अगस्त 2004 को रातों-रात इस्तीफा देकर पद छोड़ना पड़ा आैर 23 अगस्त 2004 को ही बाबूलाल गौर मुख्यमंत्री बने।

अप्रैल-मई 1992 में सिंहस्थ हुआ। 
तब सुंदरलाल पटवा (5 मार्च 1990 से 15 दिसंबर 1992 तक) मुख्यमंत्री थे। बाबरी मस्जिद ढहने के कारण बीजेपी शासित प्रदेशों में 16 दिसंबर 1992 को रातों-रात सरकार बर्खास्त कर राष्ट्रपति शासन लगा दिया गया। प्रदेश में 6 दिसंबर 1993 तक राष्ट्रपति शासन रहा। इसके बाद 7 दिसंबर 1993 को कांग्रेस के दिग्विजयसिंह मुख्यमंत्री बने। 

मार्च-अप्रैल 1980 में सिंहस्थ हुआ। 
जनता पार्टी की सरकार थी, वीरेंद्र सकलेचा 18 जनवरी 1978 से 19 जनवरी 1980 तक सीएम रहे। इनके बाद 20 जनवरी 80 से 17 फरवरी 80 तक सुंदरलाल पटवा सीएम रहे। इमरजेंसी के बाद प्रदेश में 18 फरवरी 1980 को राष्ट्रपति शासन लगा दिया। 8 जून 80 तक राष्ट्रपति शासन रहा। 9 जून 1980 को कांग्रेस के अर्जुन सिंह सीएम बने। 

अप्रैल-मई 1968 आैर अप्रैल-मई 1969 में सिंहस्थ हुआ। 
गोविंद नारायण सिंह (30 जुलाई 1967 से 12 मार्च 1969 तक) मुख्यमंत्री थे। इंदिरा आैर नेहरु कांग्रेस की उलझन के चलते 13 मार्च 1969 को राजा नरेशचंद्र सिंह मुख्यमंत्री बने। हालांकि वे भी केवल 25 मार्च 1969 तक ही सीएम रह सके। इनके बाद 26 मार्च 1969 को श्यामाचरण शुक्ल मुख्यमंत्री बने। 

अप्रैल-मई 1956 आैर अप्रैल-मई 1957 में सिंहस्थ हुआ। 
1 नवंबर 1956 को मप्र की स्थापना हुई, तब रविशंकर शुक्ल मुख्यमंत्री थे। 31 दिसंबर 1956 को उनके निधन के बाद भगवंत राव मंडलोई को 1 जनवरी 1957 को सीएम बनाया। वे भी 30 जनवरी 57 तक मात्र एक महीने मुख्यमंत्री रह सके। इनके बाद 31 जनवरी 1957 को कैलाशनाथ काटजू मुख्यमंत्री बने। 

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!