लखनऊ। दुष्कर्म के आरोप में सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री गायत्री प्रसाद प्रजापति के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के बाद पुलिस ताबड़तोड़ छापे मार रही है लेकिन प्रजापति नहीं मिल रहे हैं। पुलिस पर गायत्री को बचाने के आरोप भी लग रहे हैं।
हालांकि, आइजी एसटीएफ रामकुमार का कहना है कि वह फरार चल रहे हैं। उनकी सुरक्षा वापस लेने की तैयारी चल रही है। रामकुमार का कहना है कि उनका मोबाइल स्विच ऑफ है और वह मिल नहीं रहे हैं। उनके साथ लगे सुरक्षाकर्मी भी मोबाइल बंद किए हैं।
आइजी ने बताया कि अमेठी जिला और शासन से गायत्री को सुरक्षा मिली है। गायत्री प्रसाद प्रजापति पर एक महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म का आरोप है। महिला ने पुलिस थानों के चक्कर लगाए लेकिन, मुकदमा दर्ज नहीं हुआ। बाद में सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर मुकदमा दर्ज किया गया। अब गायत्री की गिरफ्तारी को लेकर विपक्ष के तेवर आक्रामक हो गए हैं।
गुड़गांव स्थित फ्लैट में मिली लोकेशन
पुलिस सूत्रों का दावा है कि गायत्री प्रसाद प्रजापति बुधवार रात गुड़गांव स्थित अपने फ्लैट में पहुंचे और गुरुवार को दिनभर वहीं रहे। रात में उनके ठिकाना बदलने की आशंका जताई जा रही है।