शेखपुरा। 22 साल के रणधीर ने शादी को कमाई का जरिया बना लिया है। पैसे के लिए उसने एक के बाद एक 6 लड़कियों से शादी की लेकिन गुरुवार को रणधीर की छठी पत्नी को उसकी सच्चाई का पता चल गया। लड़की के परिजनों ने रणधीर के घर पर काफी देर तक हंगामा किया। मामला बिगड़ता देख रणधीर घर छोड़कर फरार हो गया है। बिहार के शेखपुरा जिले के जमलापुर मोहल्ले में रहने वाला रणधीर कुमार बहुत शातिर है। अपना खर्चा निकालने के लिए वह लड़कियों के परिजनों को धोखे में रखकर शादी करता था। शादी में जो पैसे और गहने मिलते उससे कुछ महीने गुजारा करता। लड़की को जब उसके साथ हुए धोखे का पता चलता तो वह रणधीर को छोड़कर चली जाती थी। रणधीर ने ऐसा शुरू की चार लड़कियों के साथ किया, लेकिन पांचवी लड़की से शादी कर धोखा देने पर उसकी खूब पिटाई हुई।
8 माह पहले हुई थी पिटाई
यह घटना 8 माह पहले की है। रणधीर ने पांचवी शादी अरियरी प्रखंड के धनकौल गांव की लड़की से की थी। शादी के 15 दिन बाद पत्नी पति की सच्चाई जान गई। उसने काफी हंगामा किया और अपने मायके वालों को बुला लिया। लड़की के घरवालों ने बेरहमी से रणधीर की पिटाई की थी। वह कई दिनों तक घर में बंद रहा और जब चलने-फिरने लायक हुआ तो कई माह शेखपुरा छोड़कर दूसरी जगह रहा।
खुद को अमीर बताकर रचा ली छठी शादी
रणधीर ने छठी शादी शेखोपुर सराय प्रखंड के पांची गांव में रचाई है। वह एक बरात में पांची गांव गया था। वहां उसकी मुलाकात साधारण परिवार की एक लड़की से हुई। इसके बाद दोनों फोन पर एक-दूसरे से बातें करने लगे। रणधीर लड़की को बताता था कि वह एक अमीर परिवार से है। लड़की भी उसके बातों में आ गई और शादी के लिए तैयार हो गई। इसके बाद रणधीर ने लड़की के घरवालों से शादी की बात की। रणधीर ने अपना परिचय जमालपुर में रहने वाले एक समृद्ध व्यक्ति के बेटे के रूप में दिया। उसने यह भी कहा कि शादी के संबंध में उसके घरवालों को सूचना ना दी जाए। उन्हें अगर बताया गया तो वे शादी के लिए तैयार नहीं होंगे।
उसके परिवार वाले अपने बेटे की शादी साधारण परिवार में नहीं चाहते। शादी के बाद घर के लोग अपने आप मान जाएंगे। रणधीर की बातों में लड़की के परिजन भी आ गए। उन्होंने सोचा कि इतने अच्छे घर का लड़का शादी के लिए तैयार है। इससे अच्छी बात और क्या हो सकती है। घरवालों ने रणधीर की शादी अपनी बेटी के साथ गुपचुप तरीके से एक मंदिर में कर दी।
शादी के बाद मांगने लगा पैसे
शादी के बार रणधीर ने अपना असली चेहरा दिखाया और मां के नाम पर ससुराल के लोगों से पैसे मांगने लगा। उसने कहा कि मुझे दहेज के रूप में कुछ नहीं चाहिए। मां वार्ड पार्षद का चुनाव लड़ रही है। बस चुनाव में होने वाले खर्च में कुछ सहायता कर दी जाए। लड़की वाले रणधीर की बातों में आ गए और करीब 70 हजार रुपए दे दिया। इसके साथ ही शादी में कुछ गहने और कीमती सामान भी दिए गए थे।