
इस साल प्रदेश में 53 नगर पालिका परिषदों के चुनाव होना है। कांग्रेस का सदस्यता अभियान के साथ ही अब इन चुनावों पर फोकस हो गया है। इसके लिए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरुण यादव और अजय सिंह झाबुआ, अलीराजपुर, धार और रतलाम जिले में पोल-खोल चौपाल लगाने जा रहे है। इन क्षेत्रों में से झाबुआ, रतलाम और अलीराजपुर में पूर्व केंद्रीय मंत्री कांतिलाल भूरिया सांसद है। वे भी इसमें शामिल होंगे। तीनों की जुगलबंदी यहां पर भाजपा को जून में ही घेरेगी। यहां पर भूरिया पर भी चुनाव जीताने का दबाव होगा।
इसी महीने खरगौन, बड़वानी और बुरहानपुर में भी पोल-खोल चौपाल लगाई जा सकती है। यह पर भी इस वर्ष नगर पालिका के चुनाव है। इससे पहले भी हुई पोल-खोल चौपाल नगरीय निकाय चुनाव को ध्यान में रखकर की गई थी। 17 से 19 मई तक सिवनी के लखनादौन के अलावा मंडला जिले में इसका आयोजन किया गया था।
कमलनाथ के क्षेत्र में संशय
पूर्व केंद्रीय मंत्री कमलनाथ के क्षेत्र में भी नगर पालिका परिषद के चुनाव होना है। छिंदवाड़ा के जुन्नारदेव, दमुआ, हर्रई, पांढुरना, सौंसर और मोहगांव में चुनाव होना है। यहां पर फिलहाल पोलखोल चौपाल के आयोजन का कोई प्रोग्राम नहीं बना है। ऐसा माना जा रहा है कि कमलनाथ से बात करने के बाद यहां पर कांग्रेस की पोलखोल चौपाल आयोजित हो सकती है।