
भाजपा कार्यकर्ताओं ने आज शहर पुलिस मुख्यालय लालबाजार की तरफ बढ़ने की कोशिश में बैरीकेड तोड़ दिए। कार्यकर्ताओं द्वारा बैरीकेड तोड़ने के बाद पुलिस ने वरिष्ठ भाजपा नेता कैलाश विजयवर्गीय, राज्य भाजपा प्रमुख दिलीप घोष, पार्टी सांसद रूपा गांगुली व कोलकाता की पूर्व उप महापौर मीना देवी पुरोहित को गिरफ्तार कर लिया गया। इन नेताओं की अगुवाई में कार्यकर्ता लालबाजार की तरफ बढ़ रहे थे। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए ड्रोन का इस्तेमाल किया। अभिनेत्री से भाजपा नेता बनी रूपा गांगुली पुलिस कर्मियों के साथ हाथापाई व धक्का-मुक्की के बाद बीमार पड़ गईं। पुलिस की भाजपा कार्यकर्ताओं से भी झड़प हुई।

सिन्हा ने कहा, “पुलिस यह कह कर सभी को गुमराह करने की कोशिश में रही है कि उस पर बम फेंके गए, लेकिन वास्तव में यह आंसू गैस के गोलों की आवाज थी, जो पुलिस द्वारा छोड़े गए। सिन्हा को भी गिरफ्तार किया गया है, उन्हें भी चोट लगी है।
भाजपा कार्यकर्ता ‘भारत माता की जय’, ‘जय श्री राम’ व ‘वंदे मातरम’ के नारे लगा रहे थे। कार्यकर्ता तीन जगहों पर, मध्य कोलकाता में धर्मताल वाई चैनल, हावड़ा स्टेशन व शहर के उत्तरी भाग में कॉलेज स्कवॉयर पर बड़ी संख्या में जमा हुए, जहां से यह रैली दोपहर बाद एक बजे शुरू हुई।

भाजपा के राज्य उपाध्यक्ष जय प्रकाश मजूमदार ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने राज्य प्रशासन पर अपना नियंत्रण खो दिया है और दावा किया कि वास्तव में सरकार पुलिस द्वारा चलाई जा रही है। मजूमदार ने कहा, “ममता बनर्जी का कानून व व्यवस्था पर कोई नियंत्रण नहीं है। कुछ वरिष्ठ पुलिस व आईएएस अधिकारी इस सरकार को चला रहे हैं और ममता बिना किसी शक्ति के शासन में हैं। उन्होंने कहा, “यह सरकार नहीं जानती कि एक लोकतांत्रिक आंदोलन को कैसे नियंत्रित किया जाता है।
मध्य कोलकाता में स्थित लाल बाजार सुबह से ही एक किले में तब्दील हो गया था। भाजपा की रैली को रोकने के लिए फेअर्स लेन, टी बोर्ड ऑफ इंडिया कार्यालय व बेंटिंक स्ट्रीट के जोड़ने वाले तीन प्रमुख रास्तों पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किए गए। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए बैरिकेड्स, गार्ड रेल व करीब 200 सशस्त्र कर्मियों सहित प्रतिरोधी बलों, रैपिड एक्शन फोर्स और कमांडों को तैनात किया गया था। यह विरोध वामपंथी किसान यूनियन के ‘नभाना (राज्य सचिवालय) मार्च’ के तीन दिन बाद हो रहा है। वामपंथी मार्च में करीब 200 लोग घायल हो गए थे।