
हाल ही में भारतीय जनता युवा मोर्चा की घोषित प्रदेश कार्यकारिणी में नंदकुमार सिंह चौहान के पुत्र हर्षवर्धन चौहान को शामिल किया गया है। वहीं संगठन का बुरहानपुर अध्यक्ष भी उन्हीं के नजदीकी योगेश्वर पाटील को बनाया गया है। इन नियुक्तियों का भाजपा के जमीनी कार्यकर्ता सोशल मीडिया पर विरोध कर रहे हैं। नंदकुमार बीेजेपी के प्रदेश अध्यक्ष के साथ-साथ खंडवा बुरहानपुर संसदीय क्षेत्र के सांसद भी हैं। कहा जा रहा है कि नंदकुमार सिंह 2018 के चुनाव में हर्षवर्धन को टिकट दिलाने की तैयारी कर चुके हैं।
बता दें कि भाजपा में मोर्चा के प्रदेशाध्यक्षों को अपनी कार्यकारिणी का जिलाध्यक्ष चुनने की स्वतंत्रता नहीं है। भाजपा के जिलाध्यक्ष एक भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष को पैनल भेजते हैं। भाजपा के संगठन महामंत्री एवं दूसरे दिग्गज नेताओं से चर्चा करके नाम फाइनल किए जाते हैं और मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष को बता दिए जाते हैं।