![](https://blogger.googleusercontent.com/img/b/R29vZ2xl/AVvXsEjPfc_G3bYMj0x4aWistUVqXmpgo7dukaOwL8iVVgxyCS3m_kAAlqP3GF6t931cvwYp0aQhzIIyREHZQ8F90ZO_Jc1Rf_zoiyjrWvHNmILLpIRgFqKBP58orNNmp317A1VA09AlhhotddM/s1600/55.png)
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान ने कहा कि, किसान संघ 7 जून को सीएम का सम्मान करेगा। उन्होंने किसान मजदूर संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवकुमार शर्मा कक्का पर निशान साधा कि, कक्काजी और जच्चाजी को जो करना है कर लें। नंदकुमार सिंह ने दावा किया कि किसानों का हड़ताल समाप्त हो गई है, लेकिन पांचवें दिन भी किसान हड़ताल पर रहे। नंदकुमार सिंह के इस बयान से किसानों का एक वर्ग भड़क सकता है। फिलहाल संघ से संबद्ध संगठन 'भारतीय किसान संघ' को छोड़कर करीब आधा दर्जन से ज्यादा किसान संगठन आंदोलन कर रहे हैं।
इस बीच भारतीय किसान यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष अनिल यादव को पुलिस ने धारा 151 के तहत हिरासत में ले लिया है। किसान नेता रहे महेंद्र सिंह टिकैत की भारतीय किसान यूनियन का भी कहना है कि आंदोलन जारी रहेगा। इधर, देवास समेत कई जिलों में भारतीय किसान संघ के पुतले फूंकने की खबरें हैं।
सीहोर में रविवार को हुए उपद्रव के बाद सोमवार को स्थिति थोड़ी सामान्य रही। हालांकि, किसानों ने हाईवे से गुजर रहे ट्रकों और अन्य छोटे वाहनों को रोका और इनमें भरे प्याज, सब्जियों और फलों को सड़क पर फेंक दिया। शिवकुमार शर्मा, राष्ट्रीय अध्यक्ष, किसान मजदूर संघ का कहना है कि भारतीय किसान संघ का इस आंदोलन से कोई लेना-देना नहीं है। यह हमारा आंदोलन है। जब तक ऋणमुक्ति व उपज का पूरा दाम नहीं मिलेगा, आंदोलन जारी रहेगा।