
मध्यप्रदेश के रीवा शहर में शराब के नशे में डूबे एक कांस्टेबल ने सरेआम ऑटो में चाकू लहराते हुए एक लड़की से नकाब हटाने को कहा। ऐसा न करने पर उसने गला काटने की धमकी तक दी। जैसे-तैसे लड़की ऑटो से उतकर भागी। हालांकि जब लड़की थाने पहुंची, तो वहां मामला दबाने की कोशिश की गई, लेकिन एसपी तक बात पहुंचने पर कांस्टेबल को सस्पेंड कर दिया गया। लड़की अब भी दहशत मैं है। उसने सोमवार को फिर आवेदन देकर कांस्टेबल को गिरफ्तार करने की मांग की है।
बिछिया थाना अंतर्गत चिरहुला कालोनी निवासी युवती (24) शनिवार की दोपहर आटों में सवार होकर प्रकाश चौराहा जा रही थी। उसी ऑटो में आगे पुलिस लाइन में पदस्थ कांस्टेबल रामफल अहिरवार भी जबर्दस्ती बैठ गया। कांस्टेबल हाथ में कटार पकड़े था। वह कटार लहराते हुए चल रहा था। करीब 15 मिनट तक कांस्टेबल कटार लहराते हुए लड़की को धमकाता रहा। लड़की के मुताबिक, कांस्टेबल ने ऑटो चालक की गर्दन पर भी कटार लगा दी थी, जिससे वो भी डर गया था।
कुछ देर बाद कांस्टेबल पीछे आकर बैठ गया और लड़की की गर्दन पर कटार अड़ाकर बोला कि, नकाब हटाओ नहीं तो गर्दन काट दूंगा। लड़की ने रोते हुए बताया कि, एक जगह कुछ पुलिसवाले दिखे, तो उसने अपनी आपबीती बताई, लेकिन उन्होंने मामूली बात कहकर पल्ला झाड़ लिया।घटना के दौरान ही लड़की ने कांस्टेबल की हरकतों का लाइव वीडियो अपने फेसबुक पेज पर शेयर कर दिया। एसपी संजय कुमार के मुताबिक, कांस्टेबल के खिलाफ जांच के आदेश दिए गए हैं।