
कटनी में पत्रकारों का न्यूज अपडेट नाम से एक वाट्सएप ग्रुप है। इस ग्रुप में स्थानीय पत्रकार, अधिकारी, कांग्रेस-भाजपा के नेता भी जुड़े हुए है। कल रात नौ बजे कटनी नगर निगम आयुक्त और राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारी संजय जैन ने इस वाट्सएप ग्रुप में स्वच्छ भारत अभियान से जुड़ा एक गीत पोस्ट कर दिया। जब ग्रुप के सदस्यों ने इस वीडियो को डाउनलोड कर देखा पता चला कि यह बेहद ही अश्लील वीडियो है। इस वाट्सएप ग्रुप में शहर के कई सम्मानीय लोग जुड़े हुए है। इसके बाद इसी ग्रुप में शामिल भाजपा कार्यकर्ता पद्येश गौतम ने निगम कमिश्नर द्वारा डाले गए इस अश्लील वीडियो पर सख्त आपत्ति ग्रुप में ही दर्ज कराई। इस वीडियो में गाना तो स्वच्छ भारत का है इरादा चल रहा है लेकिन इस पर एक महिला बेहद कम वस्त्रों में फूहड़ डांस करती नजर आ रही है।
गौतम ने जब समूह में लिखा कि नगर निगम कमिश्नर स्तर के अधिकारी को इस तरह के अश्लील वीडियो सार्वजनिक रुप से ग्रुप में डालना उचित नहीं है, वे इसकी प्रधानमंत्री से शिकायत करेंगे। इसके बाद समूह के अन्य सदस्यों ने भी इस पर आपत्ति दर्ज कराई। इसके बाद नगर निगम कमिश्नर संजय जैन ने वाट्सएप पर इसके लिए क्षमा मांगते हुए कहा कि वे इसे डिलीट कर रहे थे। गलती से यह पोस्ट हो गई।
प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री कार्यालय को शिकायत
समूह में शामिल भाजपा कार्यकर्ता पद्येश गौतम ने प्रधानमंत्री कार्यालय को इसकी आॅनलाइन शिकायत करते हुए कहा है कि कटनी नगर निगम आयुक्त द्वारा अश्लील वीडियो के जरिए केन्द्र सरकार के स्वच्छ भारत अभियान का मजाक उड़ाया जा रहा है। यह आपत्ति जनक तो है ही साथ ही इस स्तर के अधिकारी द्वारा किया गया यह काम गंभीर अपराध के दायरे में आता है। इसलिए उनके विरुद्ध कड़ी कार्यवाही की जाए। गौतम ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को ईमेल से इस पूरे घटनाक्रम की जानकारी देते हुए शिकायत की और निगमायुक्त पर कार्यवाही की मांग की है।