
यह हमला रात साढ़े आठ बजे के करीब श्रीकरयम में हुआ। हालांकि पुलिस ने इस मामले में 3 बदमाशों की गिरफ्तारी की है। एक आरोपी मानिकुततन को गिरफ्तार किया है, जो कि मृतक का पड़ोसी है। इसके खिलाफ पहले भी आपराधिक मामले चल रहे हैं। पहले सीपीआईएम लोकल कमेटी के सदस्य के घर में कथित तौर पर देसी बम फेंकने के लिए मानिकुततन के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था।
पुलिस के मुताबिक राजेश शाखा से लौट रहा था। इस दौरान श्रीकरयम में 6 लोगों ने उसे घेर लिया। टू-व्हीलर पर सवार राजेश पर धारदार हथियार से हमले किए गए। राजेश राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ में कार्यवाह के पद पर था। बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष के. राजशेखरन ने आरोप लगाया कि हमले के पीछे माकपा का हाथ है। इस आरोप को वाम पार्टी के जिला नेतृत्व ने खारिज किया। प्रदेश बीजेपी प्रमुख ने कहा कि बीजेपी ने रविवार को राज्यव्यापी हड़ताल का आह्वान किया है।