
राष्ट्रपति कोविंद ने सत्यपाल मलिक को बिहार, बनवारी लाल पुरोहित को तमिलनाडु, गंगा प्रसाद को मेघालय, बीडी मिश्रा को अरुणाचल प्रदेश, जगदीश मुखी को असम का राज्यपाल नियुक्त किया है। तो वहीं अंडमान निकोबार में जगदीश मुखी को हटाकर एडमिरल (सेवानिवृत्त) जगदीश कुमार जोशी को राज्यपाल बनाया गया है। आपको बता दें कि भारत के आधा दर्जन राज्यों के राजभवन में विभिन्न कारणों से राज्यपाल की कुर्सी खाली थी।
बनवारीलाल पुरोहित साल 1977 से राजनीति में सक्रिय रूप से जुड़े रहे हैं। 1978 में उन्होंने महाराष्ट्र के नागपुर से पहला विधानसभा चुनाव जीता जबकि 1980 में दक्षिणी नागपुर से एक बार फिर विधानसभा पहुंचे। 1982 में राज्य में मंत्री भी बने। पुरोहित 1984 और 1989 में नागपुर कंपटी से लोकसभा चुनाव जीते। 1996 में एक बार फिर लोकसभा चुनाव जीता।
गंगा प्रसाद साल 1994 में पहली बार बिहार विधान परिषद के लिए चुने गए। 18 साल तक एमएलसी बने रहे। इससे पहले पांच साल तक प्रसाद विपक्ष में भी रह चुके हैं।