भोपाल। नगर निगम कमिश्नर छवि भारद्वाज अपना कार्यकाल पूरा होने से पहले ही नगर निगम छोड़कर चली गईं। वो लम्बे समय से इस पद को छोड़ने की कोशिश कर रहीं थीं। नगर निगम की राजनीति उन्हे रास नहीं आ पा रही थी। शनिवार देर रात मुख्य सचिव बसंत प्रताप सिंह ने आदेश जारी कर उन्हे मुक्त कर दिया। उनकी जगह टीकमगढ़ कलेक्टर प्रियंका दास को बुलाया गया है।
टीकमगढ़ कलेक्टर प्रियंका दास को भोपाल नगर निगम कमिश्नर बनाया गया है। मौजूदा निगम कमिश्नर छवि भारद्वाज अब पर्यटन विकास निगम में प्रबंध संचालक का कार्यभार संभालेंगी। शनिवार देर रात मुख्यसचिव बसंत प्रताप सिंह ने यह आदेश जारी किया। प्रियंका दास नगरीय प्रशासन संचालनालय में बतौर अपर आयुक्त पदस्थ रह चुकी हैं।
साथ ही मप्र मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के एमडी एम सेलवेंद्रम को राजस्व विभाग में अपर सचिव और राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के संचालक संजय गोयल को कंपनी में एमडी पदस्थ किया गया है। सूत्रों के मुताबिक भारद्वाज खुद ही नगर निगम की जिम्मेदारियों से मुक्त होना चाहती थी। अपने कार्यकाल में छवि कुछ खास नहीं कर पाईं। उल्टा उन पर भ्रष्ट कर्मचारियों को संरक्षण देने के आरोप भी लगते रहे। उनके कार्यकाल में महापौर ने कमीशनखोरी का खुलासा किया। खुद छवि के कई घोटाले पकड़े लेकिन कार्रवाई नहीं कर पाईं।