
बाल बढ़ाने के लिए
मेहंदी कुदरती तरीके से बाल बढ़ने में मदद करती है। मेहंदी से बना हुआ तेल बना कर लगाने से बाल बढ़ते हैं। इसके लिए 125 ml तिल का तेल गर्म करें। इसमें एक बड़ा चम्मच मेहंदी पॉउडर मिलाकर 5 मिनट उबलने दें। ठंडा होने पर इसे बोटल में भर कर रख लें। सप्ताह में तीन बार रात को यह तेल लगाकर सुबह माइल्ड शेम्पू कर लें।
बालों का गिरना रोकने के लिए
मेहंदी पॉउडर सरसों के तेल के साथ लगाने से बालों का गिरना रोकने में सहायक होती है। इसके लिए 125 ml सरसों के तेल में आधा कप मेहंदी के पत्ते तथा दो चम्मच भृंगराज पाउडर डाल कर उबाल लें। सप्ताह में दो तीन बार इस बालों में यह तेल लगायें। यह तेल 20 -25 दिन बाद दुबारा बना लेना चाहिए। बालों का गिरना रोकने के अन्य घरेलु नुस्खे जानने के लिए यहाँ क्लीक करें।
बालों में कंडीशनिंग के लिए
मेहंदी से बालों को रेशमी और चमकदार बनाया जा सकता है। इसके लिए एक कप पानी में चार चम्मच चाय पत्ती डाल कर उबाल लें। पानी छान लें। इस पानी में मेहंदी पॉउडर मिलाकर पेस्ट बना लें। इसमें एक चम्मच नींबू का रस डालें। आधा घंटे बाद दो चम्मच दही मिला दें। यह पेस्ट अपने बालों में लगा लें। घंटे भर रखकर बालों को धो लें माइल्ड शेम्पू कर लें। बाल चमक जायेंगे।
दो मुँहे बालों से बचने के लिए
रूखे सूखे बालों में अक्सर दो मुंहे बाल नजर आते हैं। इससे बाल और ज्यादा ख़राब हो जाते हैं। मेहंदी बालों को पोषण देकर यह समस्या खत्म करती है। इसके लिए मेहंदी , अंडा और थोड़ा जैतून का तेल मिलाकर पेस्ट बना लें। आवश्यकता के अनुसार पानी मिला लें। इसे बालों पर लगायें जहाँ दो मुंहे बाल ज्यादा हों वहां अच्छे से लगायें। दो घंटे लगा कर रखें फिर गुनगुने पानी से धो लें।
घने रेशमी, मजबूत बालों के लिए
मेहंदी का नियमित उपयोग बालों को घना और रेशमी बनाता है। चाय पत्ती पानी में उबाल कर पानी छान लें। ठंडा होने पर इस पानी में मेहंदी भिगो दें। आधा चम्मच नींबू का रस मिला दें। इसमें दही या अंडा मिला लें। इसे बालों में लगा लें। आधा घंटे बाद धो लें। यह प्रयोग बालों को रेशमी बना देता है। मेहंदी में गुड़हल के फूल या गुड़हल के पत्ते पीस कर मिला लें। इसे बालों में घंटे भर लगा कर धो लें।
रूखे सूखे बालों को सुन्दर बनाने के लिए
रूखे सूखे बालों को रेशमी और मुलायम बनाने के लिए रात को पानी में मेहंदी पॉउडर भिगो दें। सुबह इसमें एक केला मेश करके मिला दें। इसे बालों में दस मिनट लगा कर रखें फिर सादा पानी से धो लें। इससे बाल सॉफ्टनेस और लस्टर से भर जायेंगे। मेहंदी में नारियल का तेल और जैतून का तेल मिलाकर पेस्ट बना लें। इसे बालों में लगा लें। एक घंटे बाद माइल्ड शेम्पू करके धो लें।
ऑइली बाल
सिर और बालों का अधिक तैलीय होना मेहंदी से कम किया जा सकता है। मेहंदी पॉउडर और मुल्तानी मिट्टी मिलाकर इसमें पानी मिलाकर पेस्ट बना लें। इसे सिर और बालों में लगा लें। एक घंटे बाद पानी से धोकर शेम्पू कर लें। मेहंदी में शिकाकाई पाउडर और रीठा पाउडर मिला लें। सुबह घंटे भर बालों में लगा कर धो लें। इसके बाद शेम्पू करने की जरूरत नहीं होती है।
एम.आर्ट श्वेता (श्वेता सिंह)
ब्यूटीशियन एन्ड हेयर, स्किन, मेकअप एडवाइजर