नई दिल्ली। महत्वपूर्ण मीटिंग का बहाना बनाकर एक कारोबारी अपनी महिला कर्मचारी को मयूर विहार फेज-एक के फाइव स्टार होटल ले गया और नशीला पदार्थ पिलाकर दुष्कर्म किया। होश में आने पर पीड़िता को वारदात का पता चला और उसने थाने पहुंचकर शिकायत दी। पुलिस ने मेडिकल जांच के बाद दुष्कर्म और अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज कर 39 वर्षीय आरोपित को गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के मुताबिक, 35 वर्षीय दुष्कर्म पीड़िता परिवार के साथ दरियागंज में रहती है और लाजपत नगर में पुरानी गाड़ियों की खरीद-फरोख्त का कारोबार करने वाले कारोबारी के यहां करीब एक साल से काम करती है। गत शनिवार को कारोबारी ने उन्हें बताया कि मयूर विहार फेज-एक में उन्होंने एक महत्वपूर्ण बैठक रखी है। इसमें बड़े लोग पहुंच रहे हैं। वह महिला कर्मचारी को अपनी कार से लेकर होटल पहुंचा और आगंतुकों के आने में समय लगने का हवाला देकर थोड़ी देर आराम कर लेने की बात कही।
उसने कमरा पहले से बुक करा रखा था। उसी कमरे में महिला कर्मचारी को ले जाकर कोल्ड ड्रिंक पिलाई और उसके बेहोश होने के बाद दुष्कर्म किया। महिला कर्मी को होश आया तो कपड़े अस्त-व्यस्त थे और कारोबारी फरार था। इसके बाद वह मयूर विहार थाने पहुंचीं, जहां देर रात पुलिस ने केस दर्ज किया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए रविवार रात आरोपित को लाजपत नगर से पुलिस ने दबोच लिया।