
केंद्रीय पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि राजनीति में उम्र की बात करना विषय से भटकाना है। उन्होंने कहा कि सच बात तो यह है कि कांग्रेस ने देश के लिए कुछ नहीं किया। तोमर दो दिवसीय मप्र प्रवास पर हैं। उन्होंने रविवार सुबह राजधानी स्थिति अपने निवास पर पत्रकारों से चर्चा में यह बात कही।
तोमर ने कहा कि कर्नाटक में भाजपा की सरकार बनने जा रही है। कांग्रेस को कर्नाटक की जनता ने नकार दिया है। उन्होंने कहा कि वे सोमवार को चलो पंचायत अभियान में हूजूर विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत में जाएंगे। इस दौरान भाजपा प्रदेश की सभी पंचायतों में पहुंचेगी।
उल्लेेखनीय है कि मप्र की राजनीति में भाजपा की ओर से पिछले हफ्ते पीसीसी के नवागत अध्यक्ष कमलनाथ की उम्र का मामला उठाया था। जिसके जवाब में कांग्रेस ने शिवराज सिंह चौहान के बुजुर्ग मंत्रियों की सूची जारी की। जिसके बाद से नेताओं की उम्र का मुद्दा गरमाया हुआ है।