जबलपुर। भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और जन आशीर्वाद यात्रा प्रभारी प्रभात झा ने कहा कि बालाघाट में जन आशीर्वाद यात्रा को लेकर जनता में उत्साह है। वह मंगलवार को बालाघाट में यात्रा की तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे थे। उन्होंने सिंधिया और कमलनाथ को चुनौती देते हुए कहा कि वह छिंदवाड़ा और गुना छोड़कर कहीं से भी मेरे खिलाफ चुनाव लड़ लें उन्हें हार मिलेगी। उन्होंने कांग्रेस पर हमला पर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस के पास नेता है कार्यकर्ता नहीं और भाजपा अपने कार्यकर्ता की मेहनत और जनता के समर्थन से चुनाव जीतती है।
कमलनाथ और ज्योतिरादित्य सिंधिया को चुनाव लड़ने की चुनौती पर राज्यसभा सांसद प्रभात झा ने कहा कि कमलनाथ छिंदवाड़ा और ज्योतिरादित्य सिंधिया गुना छोड़कर प्रदेश की किसी भी सामान्य सीट पर उनके खिलाफ चुनाव लड़कर दिखाएं। यदि वह लड़ते हैं तो उन्हें केवल हार का सामना करना पड़ेगा।
प्रेस के सवालों का जवाब देते हुए प्रभात झा ने कहा कि प्रदेश में कोई एंटी इनकंबेंसी नहीं है। प्रदेश में जिस तरह से मुख्यमंत्री ने गरीब लोगों के कल्याण की योजनाएं चलाई हैं, उससे भाजपा गरीबों की पार्टी बन गई है, जबकि कांग्रेस केवल कुछ लोगों की पार्टी है। पार्टी का दो से 282 होना। इसका प्रमाण है कि भाजपा को लोग स्वीकार कर रहे है। यही कारण है कि देश के अधिकांश प्रदेशों में आज भाजपा सरकार में है।